डायमंड शोरूम से करीब तीन करोड़ के गहने और 30 हजार की नकदी के अलावा एक रिवाल्वर लूटने वाले तीनों बदमाश शोरूम में अंदर घुसते और बाहर निकलते हुए सीसीटीवी में कैद हो गए हैं। शोरूम के अंदर की फुटेज में एक पगड़ी धारी बदमाश सबसे पहले अंदर घुसता नजर आ रहा है। उसके बाद दो अन्य बदमाश भी अंदर आते हैं। तीनों हर्ष बेदी को धक्का देकर बाथरूम की ओर ले जाते हैं। इस दौरान दो बदमाशों के हाथ में पिस्टल दिखाई दे रही है।
इसके बाद दोनों बदमाश हर्ष बेदी की पिटाई कर उसे धमका रहे हैं, जबकि तीसरा गल्ले का लॉक तोड़कर अंदर रखे सामान की तलाशी ले रहा है। वहीं, वारदात के बाद लुटेरों के बाहर निकलते समय की फुटेज में सबसे पहले टोपी लगाए और मुंह पर रुमाल बांधे एक बदमाश अपने कंधे पर बड़ा बैग लेकर निकल रहा है जबकि अन्य दो बदमाश एक-एक कर उसके पीछे पार्किंग की ओर जा रहे हैं। फुटेज के मुताबिक, चंडीगढ़ सेक्टर-44सी में बदमाशों ने 32 मिनट में पूरी वारदात को अंजाम दिया।
अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान में जुट गई है। हालांकि 24 घंटे गुजरने के बाद भी आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग सका है। वारदात के बाद पुलिस टीम ने आसपास के एरिया में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू किया। वहीं, शोरूम के बाहर लगे एक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की गई तो उसमें तीनों बदमाश कैद थे। फुटेज में दिख रहा है कि रात 8.17 बजे दो युवक शोरूम में दाखिल हुए, उनमें से पगड़ी पहन रखी थी।
अगले कुछ सेकेंड में एक अन्य आरोपी सिर पर टोपी पहनकर दूसरे रास्ते से शोरूम में घुसा। 32 मिनट बाद रात 8.49 बजे तीनों एक-एक कर शोरूम से बाहर निकले और फरार हो गए। निकलते वक्त टोपी पहने युवक के कंधे पर एक बड़ा बैग था। युवक की उम्र 35 से 40 वर्ष के बीच की बताई गई है। पुलिस अब फुटेज से लुटेरों की पहचान में जुटी हुई है।
मोबाइल डंप डाटा से आरोपी तक पहुंचने का प्रयास
वारदात के बाद क्राइम ब्रांच, ऑपरेशन सेल समेत अन्य विंग आरोपियों के बारे में सुराग लगाने में जुट गईं हैं। साथ ही केस को सुलझाने के लिए पुलिस विभाग ने अलग-अलग टीमें गठित की हैं। पुलिस मार्केट के लोगों से भी पूछताछ कर रही है। वहीं, वारदात स्थल और मार्केट की मोबाइल डंप डाटा भी उठाकर लुटेरों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का दावा है कि लुटेरों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
राज गहराया.. लुटेरे बैग लेकर नहीं आए तो बैग कहां से आया
पुलिस का कहना है कि वारदात से पहले लुटेरों ने रेकी की होगी। फुटेज को देखकर पता चला कि शोरूम के अंदर जाते वक्त आरोपियों के पास कोई बैग नहीं था लेकिन जब वह लूट के बाद फरार हो रहे थे तो उनके कंधे पर एक बड़ा बैग था। पुलिस भी हैरान है कि लूट के इरादे से आए बदमाश पहले से बैग लेकर क्यों नहीं आए। ऐसे में बैग का राज गहराता जा रहा है। वहीं, जांच में यह भी सामने आया कि शोरूम बंद होने पर गहनों को लॉकर में रख दिया जाता है।
पुलिस को अब तक नहीं मिली लूटे गए गहनों की लिस्ट
पुलिस का कहना है कि लूट की वारदात के बाद शिकायतकर्ता से पूछताछ में जुटी हुई है लेकिन अभी तक यह साफ नहीं हो सका है कि आरोपी कितने रुपये की कीमत के जेवर लूटकर ले गए हैं। मामले में अभी तक पीड़ित ने लूटे गए गहनों की लिस्ट पुलिस को नहीं सौंपी है।
यह था मामला
बीती मंगलवार रात करीब सवा आठ बजे सेक्टर-44सी के एससीओ नंबर (250) स्थित दीवा डायमंड ज्वैलर्स शोरू में तीन बदमाशों ने धावा बोला और करीब करोड़ के हीरे, सोने-चांदी के गहने और 30 हजार रुपये कैश लूटकर भाग निकले। ज्वेलर हर्ष बेदी ने पुलिस को बताया कि वह शोरूम की लाइट बंद कर शटर गिराने की तैयारी में थे।
तभी पगड़ी पहना हुए एक युवक समेत तीन युवक शोरूम में घुसे और उन पर पिस्टल तान दी। इसके बाद उनके हाथ पैर रस्सी से बांधकर मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और शोरूम से करीब तीन करोड़ रुपये के डायमंड व सोने चांदी के जेवर, 30 हजार नगदी और एक रिवाल्वर लूट कर फरार हो गए।