पीएनबी शाखा में लूट की जांच करती पुलिस टीम
- फोटो : अमर उजाला
भिवानी जिले के गांव चांग में दिन-दहाड़े पांच नकाबपोश बदमाशों ने पीएनबी की शाखा में 14.40 लाख रुपये की डकैती को अंजाम दिया। बदमाशों ने गार्ड से बंदूक छिनकर दूर फेंकी और उसके पांव के पास फायर किया। इसके बाद उपभोक्ताओं को नीचे बैठाया और कैशियर पर पिस्तौल तान उससे 14.40 लाख रुपये छीनकर फरार हो गए।
बदमाश बाइकों से आए थे और बाइकों से ही महम रोड की ओर फरार हो गए। सूचना के बाद गुजरानी चौकी, सदर थाना पुलिस के अलावा साइबर सेल, सीआईए, एंटी व्हीकल थेफ्ट की टीम भी पहुंची। पुलिस अधीक्षक गंगाराम पूनिया स्वयं भी मौके पर पहुंचे और वारदात की जानकारी दी। वारदात के बाद रोहतक, हिसार पुलिस से संपर्क कर नाकेबंदी भी करवाई गई। पुलिस बदमाशों की धर-पकड़ के लिए छापा मार रही है।