जालंधर के एक परिवार को शादी में जाना महंगा पड़ गया। मौके का फायदा उठाकर चोर उनका सारा घर साफ कर गए। घटना जालंधर के काला सिंघा रोड स्थित जैना नगर की है। चोर घर में से लाखों का कीमती सामान चुराकर ले गए। परिवारवालों ने चोरी की सूचना पुलिस को दे दी है।
जैना नगर के राजेश कुमार ने कहा कि वह एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है। वह और उसका परिवार 19 जनवरी को एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए होशियारपुर गए थे। वीरवार सुबह जब वापस आए तो कोठी के ताले टूटे हुए थे। अंदर जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा पड़ा था।
चोरों ने घर के अंदर रखी अलमारियों के ताले भी तोड़े थे। चोर घर में खड़ी एक मोटरसाइकिल, दो एलईडी, दो गैस सिलेंडर समेत अन्य कीमती सामान ले गए। राजेश कुमार के अनुसार करीब दो लाख रुपये का सामान चोरी हुआ है।
उन्होंने कहा कि चोरों ने उनके घर में चोरी की वारदात करने से पहले पड़ोसी में रहने वाले व्यक्ति के घर के गेट पर ताले जड़ दिए थे, ताकि वह घर से बाहर न निकल सके। उन्होंने कहा कि चोरी जानकारी थाना भार्गव कैंप की पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।