बैंक में पैसे जमा करवाने जा रहे पेट्रोल पंप मालिक से गन प्वाइंट पर लूट का मामला सामने आया है। वारदात जालंधर की है। घटना के बाद शहर में हाई अलर्ट जारी किया गया है। नामदेव चौक के पास स्थित इंडियन ओवरसिज बैंक में शुक्रवार सुबह पैसा जमा करवाने आए पेट्रोल पंप के मालिक से लुटेरे पिस्तौल के बल पर 15 लाख की राशि लूट ले गए।
एसीपी सेंट्रल देवदत्त शर्मा ने मौके पर पहुंच घटनास्थल का ब्योरा लिया। पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस को आसपास स्थित कार्यालयों से सीसीटीवी फुटेज से कुछ सुराग मिले हैं, जिसमें लुटेरे का चेहरा दिखाई दे रहा है। चूहड़वाली पेट्रोल पंप के संचालक गुरु तेग बहादुर नगर निवासी विशाल बजाज ने बताया कि शुक्रवार को वह नामदेव चौक के पास स्थित इंडियन ओवरसिज बैंक में 15 लाख जमा करवाने के लिए इनोवा गाड़ी पर आए थे।
जैसे ही वह गाड़ी से उतरे एक युवक ने उनका पैसों से भरा बैग छीनने की कोशिश की। वह विरोध करने लगे तो लुटेरे ने पिस्तौल निकालकर उनकी ओर घुमा दी और नगदी से भरा बैग छीनकर फरार हो गया। उसका एक साथी कुछ दूर खड़ा था, जिसको साथ लेकर दोनों भाग गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक लुटेरा नीले रंग की मोटरसाइकिल लेकर कुछ दूरी पर खड़ा था और उसने मोटरसाइकिल स्टार्ट कर रखी थी।
पुलिस ने आसपास के लोगों से वारदात की जानकारी ली। पुलिस अधिकारिक सूत्रों के मुताबिक यह वारदात किसी करीबी द्वारा करवाई गई है, जिसको पता था कि शुक्रवार को विशाल बजाज 15 लाख लेकर बैंक में जमा करवाने जाने वाले हैं। पुलिस ने विशाल बजाज के पंप पर काम करने वालों की सूची तैयार कर उनका ब्योरा जुटाना शुरू कर दिया है। इसके अलावा मोबाइल कॉल की डिटेल भी निकलवाई जा रही है।