बंद पड़ी फैक्टरी में घुसे लुटेरे
- फोटो : Demo Pic
साहनेवाल के कोहाड़ा रोड पर स्थित बंद पड़ी फैक्टरी में निगरानी कर रहे दो सिक्योरिटी गार्डों पर देर रात को हथियारबंद लुटेरा गिरोह के सदस्यों ने हमला कर दिया। लुटेरों ने दोनों सिक्योरिटी गार्डों से मारपीट की। जब एक गार्ड ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसकी बाजू पर गोली मार दी। इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। आस-पास के लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों घायलों को सिविल अस्पताल में दाखिल कराया गया है। घायलों की पहचान परविंदर सिंह (21) और जरनैल सिंह (65) के रुप में हुई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन पुलिस इसे संदिग्ध मान रही है।
थाना साहनेवाल के एसएचओ इंस्पेक्टर सुरिंदरपाल सिंह ने कहा कि परविंदर और जरनैल कोहाड़ा रोड पर विपिन कुमार की बंद पड़ी फैक्टरी में निगरानी करते हैं। शनिवार देर रात दोनों वहां ड्यूटी दे रहे थे। दोनों के मुताबिक पहले दो युवक फैक्टरी के अंदर घुसे। उनके पीछे ही पांच लोग ओर अंदर आ गए। आते ही लुटेरों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। जरनैल ने लुटेरों से कहा कि परविंदर अभी बच्चा है उसके साथ मारपीट न करे। इसी दौरान परविंदर ने लुटेरा गिरोह के एक सदस्य को रॉड उठाकर मार दी। इससे गुस्साए लुटेरे ने उसे गोली मार दी। गोली उसकी बाजू के आर-पार हो गई। उसके बाद लुटेरे वहां से फरार हो गए।
इंस्पेक्टर सुरिंदर सिंह ने कहा कि मौके की जांच की गई तो फैक्टरी की बिजली कटी हुई थी। सारा सामान भी वैसे ही पड़ा था। वहां से कुछ चोरी भी नहीं हुआ था। उन्होंने कहा कि मामला कुछ संदिग्ध लग रहा है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। बाकी जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।