करतारपुर के मेन बाजार स्थित मोहल्ला सूरिया के सनातन गर्ल्स हाईस्कूल में मंगलवार सुबह एक लुटेरा प्रिंसिपल के रूम में घुसकर उन्हें पिस्तौल दिखाकर पर्स लेकर फरार हो गया।
उसने जाते-जाते फायर किया जिससे प्रिंसिपल सरला कक्कड़ घायल हो गईं। उन्होंने बताया कि हालांकि वह पिस्तौल नकली थी लेकिन उसमें से फायर असली पिस्तौल की तरह हुआ और चिंगारी निकली। मामले की शिकायत पर थाना करतारपुर से प्रगट सिंह मौके पहुंचे।
प्रिंसिपल ने मौके पर पहुंचे तफ्तीश ऑफिसर प्रगट सिंह को बताया कि स्कूल में तीसरा पीरियड चल रहा था। इस दौरान एक 25 वर्षीय सांवले रंग का युवक जिसने नीली चेक वाली शर्ट और काले रंग की पैंट पहनी हुई थी उनके केबिन में आया और भतीजी का दाखिला करवाने की बात कही।
जब उससे पूछा गया कि बच्ची पहले किस स्कूल में पढ़ती है तो उसने स्कूल का नाम नहीं बताया। कहा कि स्कूल में उसे पीटा जाता है इसलिए उसे हटाना चाहते हैं।
उन्होंने युवक को कहा कि वह बच्ची को लेकर स्कूल आए। प्रिँसिपल ने बताया कि जब यह घटना हुई उस समय एक बच्चा अपनी दसवीं कक्षा की कापी चेक करवा रहा था।
इस कारण युवक बाहर चला गया। इसके बाद छात्र भी बाहर चला गया। छात्र के जाते ही युवक दोबारा अंदर आया। उसने जेब से पिस्तौलनुमा हथियार निकाल फायर कर दिया।
उस हथियार से आग निकली उसकी चिंगारी उनके मुंह पर पड़ गई। इससे उनका चेहरा जख्मी हो गया। युवक ने टेबल के नीचे पड़े पर्स को उठाया और भाग गया।
उन्होंने बताया कि उनके पर्स में उस समय महज 90 रुपये ही थे और वह अपना मोबाइल भी घर पर ही भूल आईं थी। उन्होंने पुलिस से स्कूल की सुरक्षा की मांग की है।
प्रगट सिंह ने बताया कि कमरे में गोली का खोल नहीं मिला है। इससे जाहिर है कि पिस्तौल नकली थी।