रोहतक जिला के फरमाणा गांव गई बारात से लौट रहे करसोला निवासी युवकों की कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार दूल्हे के तीन चचेरे भाइयों की मौत हो गई। जबकि चार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पीजीआई रोहतक में भर्ती करवाया गया है। युवकों की मौत की सूचना मिलते ही करसोला गांव में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
करसोला गांव के सरपंच राजपाल ने बताया कि उनके गांव में मोनू नामक युवक की शादी थी। मोनू की बारात रोहतक जिला के फरमाणा गांव गई हुई थी। शादी में मोनू के चचेरे भाई भोलू, दीपक, जितेंद्र और चार अन्य युवक एक ही कार में सवार होकर गए हुए थे। राजपाल के अनुसार जब सातों युवक कार में सवार होकर वापस आ रहे थे तो फरमाणा गांव के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे में 19 वर्षीय देवेंद्र, 20 वर्षीय मनीश और 20 वर्षीय दीपक की मौत हो गई। राजपाल के अनुसार दुर्घटना के बाद सातों युवकों को जुलाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था, जहां चिकित्सकों ने दो को मृत घोषित कर दिया था और पांच को पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया था। एक युवक की मौत पीजीआई पहुंचने पर हुई। चारों घायलों का फिलहाल पीजीआई रोहतक में इलाज चल रहा है।
दूल्हे के परिवार से हैं सभी युवक
दुर्घटना का शिकार हुए सातों युवक दूल्हे मोनू के परिवार से ही हैं। सातों मोनू के चचेरे भाई लगते हैं। यह लोग शादी की खुशी में पूरी तरह से डूबे हुए थे कि हादसे का शिकार हो गए। बहरहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।