सुरक्षा कर्मी की सतर्कता और होशियारी की वजह से रिलायंस ज्वेल्स में लूट की कोशिश नाकाम हो गई। दो नकाबपोश रात के अंधेरे में शोरूम को लूटने पहुंचे थे। घटना कालका-शिमला हाईवे किनारे बने रिलायंस ज्वेल्स शोरूम, एनएसी मनीमाजरा में रविवार देर की है।
कालका-शिमला हाईवे किनारे बने रिलायंस ज्वेल्स शोरूम, एनएसी मनीमाजरा को रविवार देर रात दो नकाबपोश बदमाशों ने लूटने की कोशिश की लेकिन सुरक्षा गार्ड की सतर्कता से वारदात टल गई। गार्ड ने शोर मचाया तो आरोपी कार में बैठकर भाग निकले।
विज्ञापन
शिकायतकर्ता मोरीगेट मनीमाजरा निवासी सुरक्षा गार्ड सुरिंदर कुमार (41) ने बताया कि वह रात करीब 2:30 बजे एससीओ नंबर 37 स्थित शोरूम में ड्यूटी पर था। इस दौरान दो नकाबपोश वहां पहुंचे। उनमें से एक ने गार्ड को कुर्सी पर दबोच चाकू दिखाया, जबकि दूसरे ने शोरूम का ताला तोड़ने की कोशिश की। गार्ड ने किसी तरह खुद को छुड़ाकर पड़ोस के शोरूम में ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड को मौके पर बुला लिया। इसके बाद लुटेरे भाग खड़े हुए।
विज्ञापन
सूचना पर शोरूम मैनेजर संदीप डोगरा भी मौके पर पहुंचे। शिकायत मिलने के बाद मनीमाजरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज जब्त कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है। वहीं, देर शाम थाना प्रभारी ने एनएसी के सभी ज्वेलर्स को बुलाकर मीटिंग की और सुरक्षा का भरोसा दिया।
तनिष्क के शोरूम में हो चुकी है लाखों की लूट
कई साल पहले एनएसी के तनिष्क शोरूम में करोड़ों की लूट हो चुकी है। पुलिस की वर्दी में आए 9 लुटेरे लगभग 20 करोड़ रुपये के गहने लूट ले गए थे। रिलायंस ज्वेल्स भी तनिष्क के शोरूम नंबर 43 के पास ही है।