पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री में बतौर डिजाइनर काम कर रही एक महिला से रेप का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने फिल्म इंडस्ट्री में ही काम करने वाले सतवंत सिंह के खिलाफ धारा 376, 451, 323 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में महिला डिजाइनर ने बताया कि उसकी उम्र 31 साल है। वह काफी समय से फिल्म इंडस्ट्री में डिजाइनर के रूप में काम कर रही है। वह किराए के एक फ्लैट में रहती हैं, जबकि उसका एक दस साल का बेटा भी है।
बीते दिनों फिल्म इंडस्ट्री में ही काम करने वाला सतवंत सिंह उससे बात करके उसके फ्लैट के एक कमरे में अपना कुछ सामान रख कर गया था। सोमवार रात जब वह अपने कमरे में सो रही थी तो आरोपी जबरदस्ती उसके कमरे में घुस आया। साथ ही उसने रेप की वारदात को अंजाम दिया।
इतना ही नहीं आरोपी ने उसे धमकी दी कि थी कि वह इस बारे में किसी को भी कुछ भी नहीं बताएगी। अगर ऐसा किया तो उसे घातक परिणाम भुगतने होंगे। घटना के बाद उसने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर पीड़ित महिला के बयान दर्ज किए।