इलाके के एक गांव निवासी 60 वर्षीय व्यक्ति ने अपने मकान में किराये पर रहने वाले परिवार की 12 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म किया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। मामले की सूचना पर पहुंची चाइल्ड एंड वुमन हेल्पलाइन की टीम ने बच्ची को अस्पताल दाखिल करवाया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मकान मालिक को गिरफ्तार कर लिया है।
चाइल्ड एंड वुमन हेल्पलाइन की डा. संगीता जंड ने बताया कि इलाके के एक गांव में एक व्यक्ति अपनी दो बच्चियों के साथ किराये के मकान में रहता है। उसकी बड़ी बेटी 12 साल की जबकि छोटी 10 साल की है। बड़ी बेटी सुबह की शिफ्ट में स्कूल पढ़ने जाती है जबकि छोटी शाम की शिफ्ट में। पिता दिहाड़ी का काम करने के चलते सुबह घर से चले जाते हैं और शाम को आते हैं। 8 अगस्त को जब बड़ी बेटी स्कूल से आई और छोटी स्कूल चली गई तो दोपहर तीन बजे के करीब मकान मालिक उसके कमरे में घुस गया और उसने बच्ची से रेप किया।
इस दौरान बच्ची की सहेली ने आकर कमरे का दरवाजा खटखटा दिया तो मकान मालिक दरवाजा खोलकर भाग गया। पुलिस ने बच्ची का मेडिकल करवाकर आरोपी मकान मालिक को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, चाइल्ड हेल्पलाइन टीम ने दोनों बच्चियों को अब स्नेहालय में भर्ती करवा दिया है। डा. संगीता जंड का कहना कि बच्ची के पिता तो दिनभर घर में नहीं रहते हैं। ऐसे में इन बच्चियों को कहीं भी सुरक्षा को न देखते हुए बच्चियों को स्नेहलाय में भेजा गया है। हादसे के बाद से बच्ची अभी भी सदमे में है।