जिला अदालत के बाहर सोमवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब पंजाबी फिल्म एक्ट्रेस एवं प्रीतो टॉप-10 शो से सुर्खियों में आई मॉडल अंशु पहुंची।
उसने आरोप लगाया कि उसका पति पीछा कर उसे परेशान कर रहा है। उसने तुरंत सौ नंबर एवं वुमन हेल्पलाइन पर फोन कर दिया। मौके पर पुलिस पार्टी पहुंच गई।हालांकि उसका पति तब तक वहां से निकल चुका था। थाना मटौर पुलिस
ने मॉडल की शिकायत पर पति के खिलाफ केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
कोर्ट के बाहर मॉडल अंशु ने बताया कि उसकी शादी 2006 में लुधियाना निवासी हरजिंदर सिंह सोढी से हुई थी। करीब आठ साल से उसका तलाक का केस चंडीगढ़ की अदालत में चल रहा है।
सोमवार को वह सेक्टर-43 चंडीगढ़ स्थित कोर्ट में आई थी। उसके बाद वह केस संबंधी कागज लेने के लिए मोहाली कोर्ट में अपने वकील के पास आई थी। इसी बीच उसका पति भी पीछे पहुंच गया।
उसके साथ एक अन्य व्यक्ति भी था। अंशु ने बताया कि काफी समय तक कोर्ट परिसर में वह उसे घेरने की कोशिश करने लगा। लेकिन वह हर बार उससे बचती रही।
उसने बताया कि वह मुझे न देख पाए, इसलिए मैंने चेहरा दुपट्टे से काफी समय तक कवर किए रखा। लेकिन साढ़े 12:30 बजे के करीब वह एकदम उसके पास पहुंच गया।
साथ ही कहने लगा कि तुझे तलाक देना है या नहीं और गलत व्यवहार किया। अंशु ने मौका पाकर वुमन हेल्पलाइन और 100 नंबर पर फोन कर दिया।
जब तक पुलिस पहुंचती उससे पहले ही वह वहां से निकल गया था। उसके बाद मौके पर महिला पुलिस मुलाजिमों ने मॉडल का पक्ष सुना।
इसके बाद उसे मटौर थाने चलकर शिकायत देने के लिए कहा। फिर मॉडल थाने गई साथ ही अपनी शिकायत दी। थाना मटौर पुलिस ने मॉडल की शिकायत पर पति के खिलाफ केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी।