पंजाब में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो का अभियान जारी है। शुक्रवार को पुलिस चौकी रामनगर के प्रभारी और पंजाब होमगार्ड के एक वालंटियर को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के खिलाफ ब्यूरो के थाना पटियाला रेंज में भ्रष्टाचार रोकथाम कानून के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि हरियाणा के चीका निवासी रणधीर सिंह ने ब्यूरो को शिकायत दी थी कि थाना सदर पटियाला के अधीन पुलिस चौकी रामनगर के प्रभारी एएसआई पलविंदर सिंह और पंजाब होमगार्ड के वालंटियर सत्याभान ने उसके तीन ट्रकों को बेरोक-टोक पंजाब में दाखिल होने देने के लिए हरेक महीने 30,000 रुपये रिश्वत की मांग की है। इस शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद पटियाला रेंज की विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और उक्त दोनों को दो सरकारी गवाहों की हाजिरी में शिकायतकर्त्ता से 10,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।