पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के विरुद्ध चल रही मुहिम के दौरान होशियारपुर जिले के हरियाना थाने में तैनात सहायक सब इंस्पेक्टर (एएसआई) राजिंदर सिंह को 5000 रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि उपरोक्त पुलिस कर्मचारी को बस्सी नौ के रहने वाले संजय उर्फ आशु की शिकायत पर गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो से संपर्क कर आरोप लगाया कि उपरोक्त पुलिस कर्मचारी ने शिकायतकर्ता के खिलाफ हरियाना थाने में दर्ज एक केस का अदालत में चालान पेश करने के बदले 5000 रुपये रिश्वत के तौर पर देने की मांग की है।
प्रवक्ता ने बताया कि शिकायत की प्राथमिक जांच के बाद विजिलेंस ब्यूरो की जालंधर रेंज की एक टीम ने जाल बिछाया और आरोपी पुलिस कर्मचारी को दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में 5000 रुपये की रिश्वत लेते मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में विजिलेंस ब्यूरो के पुलिस थाना जालंधर रेंज में एएसआई के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।