पंजाब के मोस्ट वांटेड गैंगस्टरों में से एक, सुखप्रीत बुड्ढा रोमानिया में गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे जल्द ही भारत लाया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, सुखप्रीत बुड्ढा कत्ल व कत्ल के प्रयास के आधा दर्जन से अधिक मामलों के अलावा डकैती, फिरौती वसूलने और किडनैपिंग के केस में वांछित है। उसके खिलाफ पंजाब के अलावा हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल, राजस्थान, दिल्ली में भी मामले दर्ज हैं।
पंजाब पुलिस ने बुड्ढा के रोमानिया में गिरफ्तार होने की पुष्टि करते हुए बताया है कि विदेश भागने के बाद बुड्ढा यूरोप में बैठे कई खालिस्तान समर्थकों और उनके नेताओं के संपर्क में आ गया था।
इनमें वधावा सिंह बब्बर के दामाद रेशम सिंह बब्बर, जो कि इन दिनों जर्मनी में रह रहा है, के अलावा खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स के नेताओं से भी बुड्ढा के संपर्क बन चुके थे। पंजाब की खुफिया एजेंसियों ने उसकी तलाश में सीबीआई और अन्य राष्ट्रीय एजेंसियों के साथ तालमेल करते उन्हें सुखप्रीत बुड्ढा के फोटो और वाइस सैंपल उपलब्ध कराए थे।