महिला इंस्पेक्टर को वाहन ने मारी टक्कर
- फोटो : अमर उजाला
मॉडल टाउन गीता मंदिर के निकट शनिवार को चुनमुन चौक पर तेज रफ्तार गाड़ी ने एक्टिवा पर जा रही महिला सब-इंस्पेक्टर को टक्कर मार दी। इसके बाद घायल महिला सब इंस्पेक्टर को सत्यम अस्पताल ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सूचना पाकर कमिश्नर पुलिस अर्पित शुक्ला समेत कई पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे।
मृतक महिला की पहचान जगदीप कौर (24) निवासी रईया के रूप में हुई है। दो साल पहले ही वह पंजाब पुलिस में बतौर सब इंस्पेक्टर भर्ती हुई थी। इन दिनों उसकी तैनाती थाना छह में थी। सुबह जगदीप कौर पीएपी से थाना छह की ओर जा रही थी। चुनमुन चौक पर एक गाड़ी ने उसे अपनी चपेट में ले लिया इससे वह बुरी तरह जख्मी हो गई। इसके बाद उसे तत्काल सत्यम अस्पताल ले जाया गया। सिर पर गहरी चोट लगने के कारण उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मौके से गाड़ी को कब्जे में लेकर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया है।