पंजाब पुलिस के काउंटर इंटेलीजेंस ने सीमावर्ती गांवों से गश्त के दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जो एक चीज में छिपाकर ड्रग्स लाए थे। उनके पास से 300 ग्राम हेराइन और 3 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की है। आरोपियों की पहचान गांव किलचे निवासी गुरदीप और गांव पछाड़िया निवासी रंजीत उर्फ जीतू के तौर पर हुई। वहीं बलविंद्र उर्फ गांधी निवासी गांव मस्ते मौके से फरार हो गया। पुलिस पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि वह चाय के थर्मस को नीचे से खोलकर उसमें पाक से आई हेरोइन भरकर लाते थे।
पुलिस ने दोनों पर मामला दर्ज कर लिया है। काउंटर इंटेलीजेंस के एआईजी नरेंद्र पाल सिंह सिद्धू ने शनिवार को प्रेसवार्ता में बताया कि पुलिस टीम शुक्रवार को गांव पल्लामेघा के पास गश्त कर रही थी। इस दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोगों को शक के आधार पर रोका गया, उनमें से एक फरार हो गया और उन्होंने दो को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से तीन सौ ग्राम हेराइन और 3 लाख रुपये ड्रग मनी बरामद हुई।
सिद्धू के अनुसार पुलिस पूछताछ में दोनों ने बताया कि बीएसएफ की सामेके पोस्ट पर गेट नं. 186 के पास बलविंद्र उर्फ गांधी की जमीन है। वहां पर वह हर रोज खेती करने जाता था। गुरदीप और जीतू को अपना मजदूर बनाकर ले जाता था। हेरोइन तस्करी के लिए तीनों ने चाय के दो थर्मस खरीदे। नीचे से उनका ढक्कन खोलकर उसके अंदर भरी हुई फोम निकाल दी। इस पूरे काम की इन्होंने करीब डेढ़ मिनट की वीडियो बनाई, जो अपने मोबाइल से पाक तस्कर गांव हाकूवाला निवासी अकबर को भेज दी।
एआईजी ने बताया कि हाकूवाला जीरो लाइन के करीब सौ मीटर दूरी पर स्थित है। वहां तक भारत की जमीन लगती है। सुबह खेतों में जाते समय यह उसी खोखले थर्मस में चाय भरकर ले जाते थे और वापस आते समय थर्मस वहीं छोड़ देते। इसमें रात के समय मौका मिलते ही पाक तस्कर हेरोइन भरकर वहीं रख देते थे। दूसरे दिन दूसरे थर्मस को वहीं छोड़कर पहला थर्मस उठाकर लाते थे। इस तरह से वे बीते काफी समय से हेरोइन की तस्करी कर रहे थे। एक बार में डेढ़ किलो हेरोइन लाई जाती थी।
एआईजी ने बताया कि आरोपी गुरदीप के संबंध भारतीय तस्कर जोगिंद्र उर्फ सम्मी उर्फ जीता के साथ हैं। गुरदीप और जीता दोनों मिलकर भारत में काफी समय से नशीले पदार्थों की तस्करी कर रहे हैं। पुलिस ने दोनों की निशानदेही के आधार पर फेसिंग पार खेत से खोखला थर्मस बरामद किया है।
गुरदीप के मोबाइल में 12 पाक तस्करों के नंबर बरामद
सिद्धू के अनुसार इंटेलीजेंस पुलिस को गुरदीप के पास एक कीमती मोबाइल बरामद किया है। इसमें 12 पाकिस्तानी तस्करों के नंबर और उनसे हुई बातचीत की रिकार्डिंग व तस्करों की फोटो मिली है। फिरोजपुर से ग्रेजुएट तक शिक्षा हासिल करने वाला गुरदीप स्टेट लेबल की तैराकी प्रतियोगिता में हिस्सा ले चुका है। लेकिन पैसे की अंधी चाह ने इसे तैराक से तस्कर बना दिया।
रिवाल्वर, अफीम के लालच में अपनी जमीन से शुरू करवाई तस्करी
दोनों आरोपियों ने पूछताछ के दौरान कि उन्होंने बलविंद्र उर्फ गांधी की जमीन से तस्करी करने के लिए उसे एक पाकिस्तानी रिवाल्वर और अफीम देने का लालच दिया था। इसके चलते वह अपना मजदूर बनाकर उसे खेतों तक लाता था, जहां से वे हेरोइन जैसे मादक पदार्थों को भारत में ले जाने का ताना-बाना बुनते थे।