करीब 15 दिन पहले पंजाबी गायक बब्बू मान ने अपना एक गीत अदब पंजाबी गाया था, जो ट्रेंड में नंबर वन पर आ गया था। इसके कुछ दिन बाद ही पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला ने माई ब्लाक गाना गाया, जो बब्बू मान के गाने को पीछे छोड़ते हुए नंबर वन पर पहुंच गया। इसका स्क्रीन शॉट गायक मूसेवाला ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर शेयर कर दिया था।
इसके बाद गायक मान के एक समर्थक ने मूसेवाला के मैनेजर को फोन कर कहा था कि आप अपने गाने का स्क्रीन शॉट डालें, लेकिन उसके नीचे बब्बू मान के गाने के ट्रेंड करने की फोटो मत लगाएं। इस बारे में मुझे एतराज है। मान के समर्थक की बात सुनते ही मूसेवाला के मैनेजर ने कहा कि यह फोटो नहीं हटेगी। इस पूरी बातचीत की ऑडियो भी वायरल हुआ।
इसके बाद मान एवं मूसेवाला के समर्थकों के बीच फेसबुक पर बहस शुरू हो गई तो मूसेवाला ने एक दिन अपने फेसबुक पेज पर लाइव होकर गायक मान एवं उसके समर्थकों को सुधर जाने की चेतावनी दे डाली। अब गैंगस्टर गौंडर ग्रुप के सदस्यों ने विवाद में एंट्री करते हुए फेसबुक पेज पर गायक मूसेवाला को बहुत जल्दी गोली मारने की धमकी दे दी है।
फैंस की भिड़ंत के बीच दो गैंगस्टरों के गुर्गों की एंट्री, दोनों की धमकी में गायक परमीश वर्मा का जिक्र
दो दिन पहले गुरुवार को गैंगस्टर दिलप्रीत बाबा के गिरोह से जुड़े यादी राणा ने फेसबुक पर पोस्ट डालकर मूसेवाला और बब्बू मान को अपनी हरकतों से बाज आने की चेतावनी दी थी। यही नहीं राणा ने दोनों ग्रुप के फैंस को आपस में न लड़ने की नसीहत दी थी। खास बात यह है कि गैंगस्टर दिलप्रीत बाबा ग्रुप से जुड़े यादी राणा और गैंगस्टर गौंडर ग्रुप से मिली धमकी में परमीश वर्मा का जिक्र किया गया है।
गायक परमीश वर्मा पर दो साल पहले 13 अप्रैल को चंडीगढ़ से लौटते वक्त फायरिंग की गई थी, जिसमें वह बुरी तरह घायल हो गए थे। उन्होंने 35 मिनट तक गाड़ी चलाकर अपनी जान बचाई थी। बाद में गैंगस्ट दिलप्रीत बाबा ने सोशल मीडिया पर परमीश वर्मा पर हमले की जिम्मेदारी ली थी। हालांकि बाद में चंडीगढ़ पुलिस ने एक मुठभेड़ में गैंगस्टर दिलप्रीत बाबा को गिरफ्तार कर लिया था।