धोखाधड़ी के मामले में आरोपियों की गिरफ्तार के लिए नारंगशाहपुर के पास न्यू मंसा देवी नगर गई सतनामपुरा थाने की पुलिस टीम पर मंगलवार को हमला हो गया। आरोपियों के परिवार ने एक एएसआई को पकड़ने के बाद रस्सी से बांधकर पीटा और पुलिस की गाड़ी भी तोड़ दी। मामले की सूचना मिलने पर फगवाड़ा के एसपी मनविंदर सिंह, डीएसपी परमजीत सिंह पुलिस टीम समेत मौके पर पहुंचकर एएसआई को छुड़वाया।
एसएसपी कपूरथला कंवरदीप कौर ने बताया कि पुलिस ने आठ आरोपियों को काबू कर लिया है, जिनमें चार महिलाएं हैं। एसएसपी कंवरदीप कौर के मुताबिक नौ मार्च 2017 को सतनामपुरा थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ था। मामले में दलवीर चंद, मनप्रीत सिंह, अमरजोत कौर पत्नी दलवीर चंद निवासी नारंगशाहपुर नजदीकृ न्यू मंसा देवी नगर फगवाड़ा आरोपी थे।
मंगलवार को सतनामपुरा थाना से एएसआई परविंदर सिंह, एएसआई भगवंत सिंह, एएसआई लखविंदर सिंह, महिला सिपाही सिमरनजीत कौर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गए थे। मौके पर मौजूद जोगिंदर पाल, उसकी पत्नी सुनीता, उसकी पुत्री आरती, बेटा अरुण कुमार, उसकी पत्नी संदीप कौर, दलवीर चंद उसकी पत्नी अमरजोत कौर, बेटे मनप्रीत सिंह व अन्य ने पुलिस पार्टी पर हमला कर दिया। आरोपियों ने एएसआई परविंदर सिंह को पकड़ लिया और रस्सी से बांधकर मारपीट की।
इसके अलावा पथराव कर पुलिस की गाड़ी तोड़ दी। एसपी मनविंदर सिंह ने पुलिस पार्टी सहित पहुंच कर एएसआई को छुडवाया। एसएसपी के मुताबिक धारा 307, 382, 332,186, 353, 342, 427, 506, 148, 149 के तहत मामला दर्ज करने के बाद उक्त आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अज्ञात आरोपियों के बारे में पता लगाया जा रहा है।