सांसद चौधरी संतोख सिंह शुक्रवार को ईडी कार्यालय में पेश हुए। ड्रग रैकेट में आरोपी भोला के खुलासे में शहर के जिस कारोबारी चुन्नीलाल गाबा का नाम आया था, उससे पैसों के लेन-देन में चौ. संतोख सिंह पर भी शक की सुई घूमी थी।
संतोख सिंह को ईडी ने गाबा की डायरी में मिले लेन-देन के तथ्यों के आधार पर जांच में शामिल किया है। संतोख सिंह दोपहर साढ़े तीन बजे अपने बड़े भाई चौ. जगजीत सिंह, पूर्व मंत्री अमरजीत समरा, पूर्व विधायक जगबीर बराड़, जिला प्रधान राजिंदर बेरी, पूर्व जिला परिषद के चेयरमैन सुरिंदर चौधरी समेत कई अन्य नेताओं को साथ ईडी कार्यालय पहुंचे।
अधिकारियों ने सांसद को ही पूछताछ के दौरान अंदर बुलाया। अधिकारियों ने संतोख सिंह से उनकी प्रॉपर्टी के विषय में भी जानकारी हासिल की।
ईडी ने तलब किए अविनाश और हेयर
ड्रग मामले में आरोपी भोला के बयान के बाद सुर्खियों में आए कारोबारी चुन्नीलाल गाबा से लाखों रुपये लेने के आरोपी फिल्लौर से विधायक व सीपीएस अविनाश चंद्र और एनआरआई सभा के पूर्व कमलजीत हेयर को ईडी ने 20 अक्तूबर को सारे दस्तावेजों के साथ तलब कर लिया है।
कमलजीत हेयर जालंधर के प्रसिद्ध होटेलियर के साथ-साथ एनआरआई सभा के पूर्व प्रधान रह चुके हैं। फिल्लौर के विधायक अविनाश चंद्र के वे करीबी मित्र हैं। अविनाश चंद्र के इलाके के कारोबारी गाबा की जो डायरी ईडी को मिली थी, उसने कई नेताओं की जान सांसत में डाल दी है।
हेयर और गाबा का कनेक्शन तलाशने में जुटी पुलिस
डायरी में सीपीएस अविनाश चंद्र के नाम पर जहां 48 लाख रुपये के लेनदेन का जिक्र है जबकि एनआरआई सभा के पूर्व प्रधान कमलजीत हेयर को भी लाखों रुपये दिए जाने का जिक्र डायरी में है।
कमलजीत हेयर काफी समय से गाबा परिवार से जुड़े रहे हैं या उन्हें अविनाश चंद्र ने गाबा से मिलवाया था, ईडी इस कनेक्शन की खोज में है।
ईडी ने हेयर और अविनाश की दोस्ती पर नजर रखते हुए दोनों के कारोबार की भी लंबी फेरहिस्त तैयार कर ली है। ईडी के अधिकारी जहां हेयर के बैंक खातों की जांच में लग गए हैं वहीं गाबा से उनके कनेक्शन भी खोज रहे हैं।