करोड़ों की ड्रग तस्करी के मामले की सोमवार को जिला अदालत में सुनवाई हुई। इस दौरान मामले में मुख्य आरोपी पंजाब पुलिस के बर्खास्त डीएसपी जगदीश सिंह भोला, दविंदर हैप्पी व मनजिंदर सिंह अदालत में पेश नहीं हुए।
अदालत ने तीनों के प्रोडक्शन वारंट जारी कर दिए हैं। जबकि जगजीत चाहल, सतिंदर धामा, परमजीत पम्मा, सरबजीत साबा, अनिल चौहान, बलजिंदर सिंह सोनू, दीप सिंह, परमजीत चाहल और सुरजीत सिंह अदालत में पेश हुए।
अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 11 मार्च 2015 निश्चित की है। जिक्रयोग है कि ड्रग तस्करी केस की पोल बनूड़ पुलिस ने खोली थी। बनूड़ पुलिस ने जगदीश भोला समेत सभी आरोपियों को एक-एक करके काबू किया था।
इस दौरान खुलासा हुआ कि ड्रग तस्करी का खेल पंजाब के अलावा चीन, यूएसए और ऑस्ट्रेलिया तक पहुंचा हुआ है। इतना ही नहीं इस केस के सामने आने के बाद पंजाब की राजनीति भी गर्मा गई थी। राज्य सरकार के एक कैबिनेट मंत्री का नाम भी इस केस से जुड़ा था।