पटियाला के थाना सन्नौर के अधीन गांव सिंघपुरा में घर के आगे बने रैंप को लेकर हुए झगड़े में एक व्यक्ति ने रिश्तेदारों के साथ मिलकर पड़ोसी की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान सवरन सिंह, मलूक सिंह, कर्णजीत सिंह व जरनैल सिंह के तौर पर हुई है। चारों आरोपी फरार हैं।
जांच अधिकारी थाना सन्नौर इंचार्ज गुरप्रीत सिंह भिंडर ने बताया कि खेतीबाड़ी करने वाला गुरजीत सिंह विर्क पहलवान (35) निवासी गांव सिंघपुरा मकान बना रहा था। मकान के आगे बने रैंप को लेकर उसका अपने पड़ोसी सवरन सिंह के साथ विवाद चल रहा था। सवरन सिंह को एतराज था कि गुरजीत ने रैंप को ऊंचा बनाया है।
गांव के सरपंच हरमीत सिंह ने बताया कि बुधवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे सवरन सिंह व गुरजीत सिंह के बीच झगड़ा हो गया। सवरन सिंह कह रहा था कि गुरजीत सिंह के घर के आगे बना रैंप ऊंचा होने के कारण बारिश का पानी उसके घर के आगे इकट्ठा हो गया है। पंचायत दोनों के बीच का विवाद सुलझाने की कोशिश कर रही थी।
मौके पर गुरजीत व सवरन सिंह के परिवार वाले भी मौजूद थे। इसी बीच सवरन सिंह ने गुरजीत सिंह के पेट में चाकू घोंप दिया। इससे पहले कि कोई कुछ करता सवरन सिंह पेट से चाकू निकालकर अपने रिश्तेदार मलूक सिंह, कर्णजीत सिंह और जरनैल सिंह साथ मौके से फरार हो गया। गुरजीत सिंह को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। वहां उसने दम तोड़ दिया।