चंडीगढ़ से बड़ी खबर आ रही है। यहां ट्रिब्यून चौक के पास खड़ी गाड़ी में संदिग्ध हालात में एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। मृतक की पहचान सेक्टर 47 निवासी नरसिंह के रूप में हुई है। वह प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच चल रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, आज सुबह ट्रिब्यून चौक पर राहगीरों ने एक कार को संदिग्ध हालात में खड़े देखा। शीशे में झांककर देखा तो राहगीरों को शक हुआ। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर गाड़ी का दरवाजा खुलवाया। अंदर नरसिंह का शव पड़ा था।
पुलिस ने तलाशी ली तो उसकी शरीर से 16 लाख रुपये और कुछ मोबाइल बंधे हुए बरामद किए। रुपये और मोबाइल उसकी कमीज से अंदर की तरफ बंधे हुए थे। शव मिलने की सूचना तुरंत उसके परिजनों को दी गई। परिजनों ने मौके पर पहुंच कर शव की शिनाख्त की।
परिजनों ने बताया कि नरसिंह अपने घर से दिल्ली जाने के लिए निकला था। ट्रिब्यून चौक पर गाड़ी खड़ी करके उसे बस पकड़नी थी, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। हालांकि मौत के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन परिजनों का कहना है कि नरसिंह दिल की मरीज था।