हादसे में क्षतिग्रस्त कार
मोगा के थाना बाघापुराना के गांव राजेआणा के पास सोमवार रात को एक जैन कार अज्ञात वाहन से टकरा गई। हादसा इतना भयंकर था कि मौके पर कार सवार दो लोगों की मौत हो गई। एक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
थाना बाघापुराना के एएसआई अमरजीत सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता राजिंदर कुमार निवासी इंदिरा कालोनी मोगा ने पुलिस को दर्ज करवाए बयान में कहा कि रविवार के दिन उसके बेटे गौरव डुलगच का साला मुक्तसर से उनके पास मोगा आया था।
इस दौरान उसका बेटा गौरव, उसका छोटा भाई साहिल उर्फ सौरव और दोस्त अनूप कुमार जैन कार से गौरव के साले को मुक्तसर छोड़ने के चले गए। रविवार देर रात को जब तीनों वापस लौट रहे थे तो गांव राजेआणा के पास उनकी कार किसी अज्ञात वाहन से टकरा गई। इसमें कार चला रहे गौरव (30) और उसके साथ बैठे अनूप (30) की मौके पर ही मौत हो गई। पिछली सीट पर बैठा साहिल उर्फ सौरव गंभीर रूप से घायल हो गया। साहिल की हालत गंभीर होने पर उसे मोगा से लुधियाना रेफर कर दिया गया है।
जांच अधिकारी के अनुसार राजिंदर कुमार के बयान पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। वहीं दोनों शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिए गए हैं। प्राथमिक जांच में पुलिस को पता चला है कि गौरव डुलगच नगर निगम मोगा में कच्चा मुलाजिम था। अनूप और साहिल मछली मार्केट में मछली का कारोबार था।