पीड़ित हवालाती अमित कुमार निवासी अमृतसर ने पुलिस को बताया कि वह जेल की हाई सिक्योरिटी जोन में बंद है। इस दौरान कई बंदी अकेले कैदी गैंगस्टर हरप्रीत सिंह निवासी अमृतसर से मारपीट कर रहे थे। जब वह छुड़वाने गया तो आरोपियों ने उसे भी बुरी तरह पीटकर जख्मी कर दिया। दोनों के सिर व नाक पर चोट आई है। दोनों को सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया है।
थाना सिटी प्रभारी का कहना है कि जेल के हाई सिक्योरिटी जोन में पुरानी रंजिश में गैंगस्टर आपस में भिड़ गए। उक्त वारदात में बंदी अमित और हरप्रीत जख्मी हैं। इन पर कई केस दर्ज हैं। दोनों का सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पीड़ितों के बयान लिख कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।
गुरदासपुर: कैदियों के दो गुट भिड़े, एक गंभीर घायल
शनिवार को गुरदासपुर केंद्रीय जेल की कैंटीन में कैदियों के दो पक्ष आपस में भिड़ गए। एक पक्ष ने उम्रकैद की सजा काट रहे एक कैदी पर जानलेवा हमला कर दिया। घायल कैदी को सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देख अमृतसर रेफर कर दिया। घायल कैदी की पहचान सेवक सिंह निवासी गांव जौड़ा छत्तरां के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक सेवक सिंह पर जेल में बंद कुछ लोगों ने जानलेवा हमला किया। सूचना मिलते ही जेल प्रशासन ने स्थिति को संभाला और घायल सेवक सिंह को सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया। कैदी की पीठ और पेट में नुकीली चीज से हमला किया गया है। जेल उपाधीक्षक नवकीरत सिंह का कहना है कि जेल में बंद दोनों पक्षों के लोगों ने जेल की बैरक में नहीं बल्कि कैंटीन में जाकर किसी बात पर झगड़ा किया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।