हरियाणा के टोहाना से अपने पति के साथ कार में ससुराल जा रही गर्भवती महिला को लुटेरों ने रास्ते में पेट में गोली मार दी। साथ ही वह सोने के जेवरात व नकदी भी लूटकर ले गए। विवाहिता का पति उसे गंभीर हालत में वापस टोहाना ले आया, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हिसार रेफर कर दिया है। घटना पंजाब के टोहाना-मुनक बार्डर की है। पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टोहाना निवासी शमशेर सिंह की बेटी रिंपू (25) का विवाह 15 फरवरी 2017 को पंजाब के गांव बंगा बसाना निवासी संदीप से हुआ था। रिंपू करीब एक माह पूर्व अपने मायके टोहाना आई थी। उसके भाई को बच्चा होने वाला था, इसलिए वह टोहाना अपने मायके में थी। रिंपू भी 8 माह की गर्भवती है। शुक्रवार शाम को उसका पति संदीप उसे लेने के लिए आया हुआ था। शाम को करीब साढ़े 5 बजे रिंपू अपने पति के साथ कार में सवार होकर ससुराल जा रही थी।
बताया गया है कि मुनक बार्डर के पास बाइक पर सवार तीन युवक आए और उन्होंने आगे बाइक लगाकर कार रुकवा ली। इसके बाद उन्होंने गन प्वाइंट पर संदीप का पर्स तथा रिंपू के गहने उतरवा लिए। जाते-जाते वह रिंपू के पेट में गोली मारकर चले गए। उसका पति संदीप गंभीर हालत में रिंपू को वापस टोहाना ले आया और नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया तथा अपने ससुर व अन्य परिजनों को मामले की सूचना दी। सूचना पाकर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। यहां पर महिला की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे हिसार रेफर किया है। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है।