नारायणगढ़ के जटवाड़ इलाके में 12 वर्षीय छात्र की हत्या के मामले में पुलिस की लापरवाही से हालात बिगड़े। बच्चे के परिजनों के साथ-साथ लोगों, राहगीरों और वाहनों चालकों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
पुलिस के व्यवहार से गुस्साए परिजनों को छात्र के शव को छोड़कर सड़क पर धरना देना पड़ा। बता दें कि परिजनों ने जब चौकी में बच्चे की हत्या की शिकायत की थी तो पुलिस ने कार्रवाई के बजाये बच्चे संभालकर रखने की सलाह दे डाली।
परिजन बोले, चौकी और कर्मियों को बर्खास्त करो
उधर पीड़ित और परिजनों के टकराव में आम जनता चार घंटे तक परेशान हुई। इस जाम की वजह से नारायणगढ़ हाईवे पर वाहनों की कतारें लग गई और चालकों को अपनी जगह पहुंचने के लिए लंबा सफर तय करना पड़ा।
जाम में मरीज को लेकर जा रही एक एंबुलेंस भी फंस गई थी, जिसे एक लिंक मार्ग के जरिये आगे भेज दिया गया। परिजनों ने पटवी चौकी के मुलाजिमों को सस्पेंड करने की जिद्द ठान ली।
परिजनों ने अल्टीमेटम दिया था कि जब तक पूरी चौकी बर्खास्त नहीं होगी, तब तक जाम नहीं खुलेगा। चार घंटे तक पुलिस ग्रामीणों को समझाती रही। एसीपी हितेश यादव ने मौके पर पहुंच हालात पर काबू पाना चाहा।
उन्होंने आश्वासन दिया कि जिस पुलिस कर्मी ने गलत व्यवहार किया है, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया।
इस तरह बिगड़ी बात
दरअसल, बच्चे के शव को देखकर पीड़ित परिवार क्षुब्ध था। लेकिन इसकी सूचना पुलिस को देना भी जरूरी था। इसलिए जब परिजनों व अन्य लोगों ने पटवी पुलिस को इस बारे में जानकारी दी गई, तो वहां पुलिस मुलाजिम एकदम गुस्से में आ गए।
बस, इसी बात से लोग खासे नाराज हो गए और उन्होंने पुलिस के खिलाफ ही मोर्चा खोल दिया। ग्रामीणों ने रोष स्वरूप सड़क को जाम कर डाला। ग्रामीणों की मांग थी कि साहिल के हत्यारों को गिरफ्तार करने के साथ-साथ पुलिस चौकी के उन कर्मियों को निलंबित किया जाए, जिन्होंने ये गैर जिम्मेदार बात कही है।
एसआईटी करेगी जांच, दो पुलिस वाले सस्पेंड
डीसीपी अर्बन सुरेंद्र पाल सिंह ने इस बारे में बताया कि प्राथमिक जांच में दो पुलिस वालों की लापरवाही स्पष्ट हुई है, तभी उन्हें सस्पेंड करके उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी है। दूसरा, फिलहाल फोकस इस हत्या के केस पर है।
इसके लिए उन्होंने स्पेशल इन्वेस्टीगेशन टीम का गठन किया है। जिसमें कुछ पुलिस अफसरों को शामिल किया गया है। जल्द ही ये एसआईटी इस हत्या का सुराग ढूंढकर इस मर्डर से पर्दा उठाएगी।