सिविल अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती एक मंदबुद्धि महिला के साथ ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी पर दुष्कर्म का आरोप लगा है। मामला हरियाणा के यमुनानगर का है।
मुकंद लाल सिविल अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विजय दहिया ने केस की शिकायत एसएसपी को दी। एसएसपी के निर्देश पर महिला थाने में अज्ञात पुलिस कर्मचारी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
वहीं महिला थाने की इंस्पेक्टर कुलबीर कौर ने बताया कि फिलहाल पुलिसकर्मी की पहचान नहीं हो पाई है, लेकिन जांच की जा रही है।
महिला कर्मचारियों ने अस्पताल प्रशासन को दी थी शिकायत
rape
जानकारी के अनुसार, सिविल अस्पताल में एक मंदबुद्धि महिला भर्ती थी। 26 दिसंबर की रात को वह अस्पताल के बरामदे में बैठी थी। बरामदे के पास ही कैदी वार्ड है, जिसमें पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी थी।
रात के समय ड्यूटी पर मौजूद अस्पताल की महिला कर्मचारियों ने एक पुलिस कर्मी को मंदबुद्धि महिला के साथ गलत हरकत करते देखा। अगले दिन महिला कर्मचारियों ने इसकी शिकायत अस्पताल प्रशासन को दी थी।
डॉ. विजय दहिया का कहना है कि महिला कर्मचारियों की शिकायत पर अस्पताल प्रशासन ने कमेटी का गठन किया, जिसमें तीन डाक्टर और एक लेडी सोशल वर्कर शामिल थी। टीम ने मामले की जांच-पड़ताल के बाद महिला का मेडिकल कराया। रेप की पुष्टि होने के बाद सिविल सर्जन की ओर से एसपी को शिकायत दी गई।