पुलिस ने सरहद के नजदीक पाक तस्करों से हेरोइन की डिलीवरी लेने पहुंचे तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक आरोपी नाव के जरिये पाक तस्करों से हेरोइन की खेप लेने गया था। बीएसएफ की सख्ती को देख पाक तस्कर हेरोइन की डिलीवरी देने नहीं पहुंचे। तीनों से तीन मोबाइल मिले हैं। थाना सदर पुलिस ने रविवार को मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है। मामला पंजाब के फिरोजपुर जिले का है।
थाना सदर पुलिस की टीम सीमांत गांव निहाले वाला की तरफ गश्त कर रही थी। भारत-पाकिस्तान सरहद के पास दो लोगों को खड़े देखा। पुलिस को यह दोनों घबरा गए। शक होने पर दोनों से सख्ती से पूछताछ की तो अपना नाम जगदीश सिंह निवासी गट्टी राजोके व संदीप सिंह निवासी किलचे बताया। ये भी बताया कि उनका तीसरा साथी राजदीप सिंह निवासी अलीके सतलुज नदी के रास्ते नाव के जरिये पाकिस्तान तस्करों से हेरोइन की खेप लेने गया है। इसीलिए यहां पर खड़े उसका इंतजार कर रहे हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को काबू कर गांव कालू वाली नोज बार्डर एरिया की तरफ रवाना हुई तो आगे से बाइक पर सवार होकर राजदीप आ रहा था, जिसे पुलिस ने काबू किया। पूछताछ दौरान राजदीप ने बताया कि उसकी पाक तस्करों से बातचीत हुई थी, उन्होंने 14 हेरोइन के पैकेट देने आना था।
बीएसएफ की कड़ी निगरानी के चलते वह हेरोइन की डिलीवरी देने नहीं पहुंचे। वह लौट आया है। 14 पैकेट लेने के लिए तीनों लोग यहां पहुंचे थे। थाना सदर पुलिस ने आरोपी जगदीश सिंह, संदीप सिंह व राजदीप सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक तीनों के पाक तस्करों से गहरे संबंध हैं, इनसे अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।