स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने एक ऐसे शातिर आरोपी को गुप्त सूचना के आधार पर 260 ग्राम हेरोइन समेत फेज-आठ बस स्टैंड से काबू किया है जो पांच एनडीपीएस केसों में भगोड़ा था। पंजाब पुलिस की टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हुई थीं। आरोपी की पहचान प्रितपाल सिंह उर्फ बिट्टा उर्फ गंजा के रूप में हुई है। वह ड्रमों वाला बाजार, सुलतान विंड रोड अमृतसर (मौजूदा निवासी ज्ञानी जैल सिंह नगर, रोपड़) का रहने वाला है।
आरोपी के खिलाफ फेज-चार स्थित एसटीएफ के थाने में केस दर्ज किया गया। उसे शनिवार अदालत में पेश किया जाएगा। एसटीएफ का कहना है कि आरोपी से पूछताछ में कई अहम राज खुलने के आसार हैं। एसटीएफ के एससपी राजिंदर सिंह सोहल ने आरोपी को गिरफ्तार करने की पुष्टि की है।
घाटा पड़ा तो बन गया नशा तस्कर
आरोपी ने एसटीएफ को पूछताछ में बताया है कि वह पहले सोने का काम करता था। उसका कारोबार बढ़िया चल रहा था, लेकिन उसे काफी घाटा पड़ गया। 2004 में वह जीजा के भाई सुरिन्द्रपाल सिंह उर्फ पप्पू के संपर्क में आया। उसने उसे हेरोइन की सप्लाई में लगा दिया। कोरियर का काम करने वाला पप्पू उसे एक किलो हेरोइन एक से दूसरी जगह पहुंचाने का 6 हजार रुपये देता था।
गैस सिलेंडर में डालकर करता था हेरोइन सप्लाई
आरोपी ने बताया कि वह अमृतसर से चंडीगढ़ व दिल्ली तक हेरोइन की सप्लाई करता था। वह पुलिस की पकड़ में न आए इसलिए हेरोइन ले जाने के लिए अलग अलग तरीके प्रयोग करता था। गैस के सिलेंडर को नीचे से काट कर उसमें हेरोइन डालकर उसे फिर से वेल्डिंग करके अपनी गाड़ी में रखकर दिल्ली निवासी नाइजीरियन व्यक्तियों को सप्लाई करता था।