सोसाइटी ज्वैलर्स सेक्टर 17 में एक महिला आर्टिफिशियल अंगूठी रखकर हीरे की अंगूठी पर हाथ साफ कर गई।
हीरे की अंगूठी वाली ट्रे में जब मालिक ने आर्टिफिशियल अंगूठी देखी तो हैरान हो गए। उन्होंने तुरंत सीसीटीवी फुटेज देखी तो एक महिला ट्रे से अंगूठी उठाती हुई नजर आ रही है और फोन सुनते हुए शोरूम के बाहर निकल रही है।
फुटेज में महिला की फोटो साफ नहीं आ सकी। मालिक ने चोरी हुई अंगूठी की कीमत एक लाख रुपये बताई है। शोरुम ज्वैलर्स मालिक ने मामले की शिकायत अप्रैल महीने में पब्लिक विंडो पर दी। सेक्टर 17 थाना पुलिस ने मामले की जांच के बाद बुधवार को महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
सेक्टर 8 निवासी गुलशन लाल ने अप्रैल महीने में शिकायत दी थी कि उनके सेक्टर 17 स्थित सोसाइटी ज्वैलर्स शोरुम पर एक महिला अंगूठी देखने आई थी। महिला ने कर्मचारी को हीरे की अंगूठी दिखाने के लिए कहा था।
अंगूठी देखते ही महिला ने अपनी अंगुली में हीरे की अंगूठी पहन ली और वापिस आर्टिफिशियल अंगूठी रख कर मोबाइल फोन पर बातचीत करते हुए शोरुम से बाहर निकल गई।
बाद में जब कर्मचारी ने ट्रे में आर्टिफिशियल अंगूठी देखी तो उन्हें जानकारी दी। उन्होंने मामले की शिकायत सेक्टर 9 पब्लिक विंडो पर दी। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।
सेक्टर 17 नीलम चौकी इंचार्ज ने बताया कि ज्वैलर्स ने अंगूठी चोरी की शिकायत अप्रैल महीने में पब्लिक विंडो पर दी थी। पुलिस ने जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है।