जेल से जमानत पर रिहा होने के बाद खरड़ निवासी युवक ने उसी नाबालिग लड़की का दोबारा अपहरण कर लिया जिसके जुर्म में वह जेल गया था। इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने युवक के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया है। पुलिस युवक की तलाश में जुट गई है।
पुलिस ने नाबालिग लड़की की मां की शिकायत पर कार्रवाई की है।
गांव रायपुर खुर्द निवासी एक महिला ने पुलिस को शिकायत दी कि अनिंदया चक्रवर्ती ने उसकी बेटी का अपहरण कर लिया। युवक उनके घर से 120 ग्राम आभूषण, एक लैपटॉप और मोबाइल भी चुरा ले गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि कुछ दिन पहले ही युवक जेल से जमानत पर रिहा हुआ था। युवक ने इसी नाबालिग लड़की का गांव बुड़ैल से अपहरण किया था।
बाद में युवक पकड़ा गया था और नाबालिग लड़की को छुड़ा लिया गया था। अब युवक ने गांव रायपुर खर्द से उसी लड़की का दोबारा किडनैप कर लिया। इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस के मुताबिक आरोपी खरड़ में रहता है। पुलिस टीम ने खरड़ में दबिश दी, लेकिन आरोपी वहां नहीं मिला।