लव मैरिज करना एक लड़की को महंगा पड़ गया। लड़की ने अपने माता-पिता और भाई पर तांत्रिक से उसके ऊपर जादू टोने का आरोप लगाया है।
पीड़ित का कहना है कि तांत्रिक ने उस जहरीला पदार्थ पिला दिया। इस कारण लगातार उसका स्वास्थ्य गिर रहा है। इस संबंध में महिला थाने में केस दर्ज किया गया है।
दरअसल कमला नगर की एक युवती ने 6 महीने पहले गद्दी खेड़ी के एक युवक के साथ लव मैरिज की थी। लड़की की शादी से उसके घरवाले खुश नहीं थे। लड़की का कहना है कि कई महीने बीतने के बाद उसके परिजनों के फोन आने शुरू हो गए।
परिजनों ने उसे भरोसे में लेकर घर बुला लिया। एक दिन उसके सिर और पेट में दर्द हो गया। लड़की का आरोप है कि उसकी माता पिता और भाई साजिश के तहत उसे एक तांत्रिक के पास लेकर चले गए।
तांत्रिक ने दवाई के बहाने लड़की को मंद जहर पिला दिया। अब युवती का आरोप है कि जिस दिन से वह तांत्रिक के पास गई है तभी से उसका स्वास्थ्य लगातार गिर रहा है। महिला एएसआई बिमला ने बताया कि लड़की की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।