पंजाब पुलिस ने पाकिस्तान आधारित
भिंडरांवाले टाइगर फोर्स ऑफ खालिस्तान (बीटीएफके) के प्रमुख रतनदीप सिंह को
गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पंजाब, हरियाणा व चंडीगढ़ में पिछले
समय के दौरान हुई कई आतंकी वारदातों से संबंधित मामलों में वांछित इस
आतंकवादी को पूर्वी उत्तर प्रदेश स्थित गोरखपुर के पास से गत बुधवार को
गिरफ्तार किया गया।
पंजाब पुलिस की 19 सदस्यीय टीम ने अपनी केंद्रीय
एजेंसी-स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल के सहयोग व उत्तर प्रदेश पुलिस के तालमेल
से यह अभियान चलाया और कई दिन गोरखपुर में डेरा डाले रखने के बाद रतनदीप को
पकड़ने में सफलता हासिल की। हालांकि चर्चा यह भी है कि रतनदीप को काठमांडू
के एक होटल से गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तारी के बाद उसे वीरवार को अमृतसर अदालत में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उसे दस दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
पाकिस्तानी पासपोर्ट, पहचान पत्र सहित पकड़ा
इस गिरफ्तारी से पंजाब में आतंकवाद को पुनर्जीवित करने की आईएसआई की एक और कोशिश विफल हो गई है। गत वर्ष पंजाब पुलिस ने अगस्त और सितंबर में ऐसी ही तीन साजिशों को भी बेनकाब किया था।
स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल, पंजाब के एआईजी मनमोहन सिंह के अनुसार प्राथमिक पूछताछ में रतनदीप ने माना है कि वह फेस्टिवल सीजन में बड़े धमाके करने की उसकी योजना थी। एक बड़ा हिंदू नेता भी उसके निशाने पर था, जिसे पहले से ही पंजाब पुलिस की सुरक्षा प्राप्त है।
एआईजी मनमोहन के अनुसार गिरफ्तारी के वक्त आतंकी रत्नदीप सिंह के पास से उसका पाकिस्तानी पासपोर्ट व हुसैन शेख जाहिद के नाम से वहीं का पहचान पत्र भी बरामद हुआ। उसके कब्जे से 300 रुपये पाकिस्तानी और 11000 रुपये भारतीय मुद्रा बरामद हुई।
खालिस्तान कमांडो फोर्स, बब्बर खालसा से संबंध
शुरुआती दिनों में रतनदीप, खालिस्तान कमांडो फोर्स में था। फिर उसने बब्बर खालसा इंटरनेशनल से हाथ मिला लिए और इसकी आतंकी गतिविधियों का प्रमुख बन गया। जुलाई 2014 में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई ने बीटीएफके को पुनर्जीवित किया।
इस कड़ी में आईएसआई के तत्कालीन कर्नल शहबाज मिन्हास ने बब्बर खालसा इंटरनेशलन के वधावा सिंह और रत्नदीप सिंह से साझा बैठक की। इसके बाद रतनदीप को बीटीएफके का प्रमख बना दिया गया।
रतनदीप सिंह को काबू करने वाली पुलिस पार्टी में शामिल आठ पुलिस कर्मचारियों को पदोन्नति मिली है। डीजीपी सुमेध सिंह सैनी उन्हें हेड कांस्टेबल और सहायक सब-इंस्पेक्टर के तौर पर अग्रिम तरक्की दी है।