फेसबुक पेज बनाकर एक धर्म विशेष की भावनाओं को ठेस पहुंचाने के मामले में जिला अदालत में आपराधिक शिकायत दायर की गई है। लायर्स फॉर ह्यूमेनिटी के प्रेजिडेंट एडवोकेट रविंदर सिंह बस्सी ने रमीश कुमार नामक शख्स के खिलाफ शिकायत दायर की है। याचिका पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने सेक्टर-34 के एसएचओ को इंक्वायरी मार्क करते हुए 27 जुलाई के लिए रिपोर्ट तलब की है।
एडवोकेट बस्सी की ओर से दायर आपराधिक शिकायत में कहा गया है कि रमीश कु मार ने फेसबुक पर एक पेज बनाया हुआ है। इसमें उसने एक धर्म विशेष के गुरु के खिलाफ काफी असभ्य भाषा का इस्तेमाल किया है। फेसबुक पेज पर धर्म गुरु की तस्वीर से छेड़छाड़ की गई है। साथ ही गलत शब्दों का इस्तेमाल किया गया है।
शिकायतकर्ता के अनुसार इस फेसबुक पेज पर धर्म गुरु समेत पूरे समुदाय के खिलाफ बहुत कुछ गलत कहा गया है। उन्होंने इसे धर्म विशेष का अपमान करने को लेकर जानबूझकर दुर्भावना से किया गया कृत्य बताया है।
एडवोकेट ने रमीश के खिलाफ जानबूझकर दुर्भावना से धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का केस दर्ज करने की अपील की है। इसके लिए उन्होंने कोर्ट से एसएसपी चंडीगढ़ और एसएचओ सेक्टर-34 को रमीश कुमार के खिलाफ केस दर्ज करने की अपील की है।