लूट का विरोध करने पर इंडस्ट्रियल एरिया में रेलवे पुल के पास मंगलवार रात घर जा रहे युवक को लुटेरों ने चाकुओं से गोदकर घायल कर दिया।
लहूलुहान हालत में युवक झाड़ियाें से सड़क पर आया और मदद केलिए गुहार लगाने लगा।
राहगीर ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौकेपर पहुंचकर घायल को जीएमसीएच में भर्ती कराया। पेट पर चाकू के कई वार से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल की पहचान बहलाना निवासी मुकेश कुमार झा केरूप में हुई। इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने घायल के रिश्तेदार संजय कुमार की शिकायत पर आठ हमलावर युवकों खिलाफ हत्या केप्रयास और लूट का मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात साढ़े नौ बजे बहलाना निवासी मुकेश कुमार झा(29) इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 की फैक्टरी से ड्यूटी खत्म कर साइकिल से घर जा रहा था।
रेलवे पुल के पास दो युवकों ने उसे रोककर माचिस मांगी। मुकेश ने युवकों को माचिस दी तो इतने में छह युवक डंडे और चाकू लेकर झाड़ियाें से बाहर आए और मुकेश को पकड़ लिया। लुटेरे आते ही उसकी जेब से रुपये निकालने लगे।
मुकेश ने इसका विरोध करते हुए चिल्लाने लगा। इतने में एक युवक ने उसके सिर पर डंडा मार दिया तो दूसरा उसके पेट में चाकू मारकर भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने बताया कि मुकेश की जेब से नगदी समेत कागजात लेकर लुटेरे भाग गए।