लोगों से बचने के लिए 2 में से एक चोर ने जहां डैम में छलांग लगा दी वहीं दूसरे को लोगों ने दबोच लिया। मामला पिंजौर के हिमशिखा कालोनी का है। यहां के एक तालाबंद घर में चोरी करने घुसे दो चोरों को जैसे ही कालोनी निवासियों के आने की भनक लगी वह भाग खड़े हुए। दोनों चोरों ने पहले तो घर के पहली मंजिल से छलांग लगाई। इसके बाद लोगों ने बचने के लिए कौशल्या डैम में कूद गए। इसके बाद भी एक चोर को लोगों ने दबोच लिया। जबकि दूसरा भागने में सफल हो गया। घटना मंगलवार दोपहर दो बजे की है।
हिमशिखा वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान रघुबीर सोढ़ी ने बताया कि कालोनी के मकान नंबर 58 में पिछले कई महीने से बंद लगा है। चोरों ने पहले रेकी कर मंगलवार दोपहर दो बजे ताला तोड़ चोरी की वारदात को अंजाम देने की कोशिश की। जिसकी भनक कालोनी के लोगों को लग गई। लोगों ने दोनों चोरों को पकड़ने की कोशिश की तो चोर पहली मंजिल से छलांग लगा कर कालोनी के पास बने कौशल्या डैम की ओर भागे। कालोनी के लोगों ने उनका पीछा किया तो एक चोर ने कौशल्या डैम में छलांग लगा दी, जबकि दूसरा भागने में सफल हो गया। मौके पर टूटा हुआ ताला और एक रोड भी पड़ी हुई थी।
मौलीजागरां से चोरी करने आए थे
चोरी करने के कथित आरोपी मौलीजागरां चंडीगढ़ निवासी दर्शन सिंह ने बताया कि पहले उसके दोस्त तोता सिंह ने यहां कालोनी में रेकी की और मंगलवार को वह मुझे अपने साथ चोरी करने के लिए ले आया। पुलिस ने एक चोरी के आरोपी को काबू कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
कालोनी की सुरक्षा बढ़ाने की मांग
हिमशिखा वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान रघुवीर सोढी, कालोनी निवासी कांग्रेसी नेता नरेश मान, महावीर चहल ने कालोनी में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। इसके अलावा कालोनी में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग की जाए।