चंडीगढ़ में देर रात बदमाश एक बार फिर कॉलोनी नंबर चार में खड़ी 8 गाड़ियों के शीशे तोड़कर उसमें से सामान चोरी कर ले गए। पीड़ितों ने बताया कि बदमाशों ने चौकीदार को कमरे में बंद कर दिया और वारदात को अंजाम दिया। पीड़ितों ने मामले की शिकायत इंडस्ट्रियल एरिया पुलिस स्टेशन में दी है।
पुलिस ने डीडीआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार बदमाशों ने कॉलोनी नंबर चार में आठ वाहनों के शीशे तोड़ डाले। कॉलोनी नंबर चार में रहने वाले संग्राम शर्मा ने बताया कि उनकी पिकअप गाड़ी घर के पास खड़ी थी। शनिवार को सुबह देखा तो गाड़ी के सारे शीशे टूटे थे। गाड़ी से सामान और जरूरी कागजात गायब थे।
एक अन्य पीड़ित चंद्रपाल ने बताया कि वारदात को अंजाम देने से पहले बदमाशों ने चौकीदार को ट्यूबवेल के कमरे में बंद कर दिया था। बदमाशों ने रात को करीब 2 से चार बजे के बीच में वारदात को अंजाम दिया। इलाके में कुल तीन कारों, तीन पिक अप और दो ऑटो में और तोड़ फोड़ की गई थी।
लोगों का कहना है कि पुलिस को मामले की शिकायत दे दी गई है। लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। लोगों ने पुलिस पर आरोप लगाया कि अगर पुलिस ईमानदारी से कार्रवाई करती तो इलाके में इस तरह की वारदात न होती।
वहीं पुलिस का कहना है कि गाड़ियों में तोड़फोड़ की शिकायत मिली है। मामले में डीडीआर दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए कोशिश जारी है।