महिला का आरोप- कपूर ने जेल में उससे बनाए थे संबंध
महिला ने आरोप लगाया था कि कपूर ने ही मई 2018 में उसे जीरकपुर थाने में झूठे इमिग्रेशन केस में फंसाया था। कपूर उस समय अमृतसर में जेल सुपरिंटेंडेंट थे और जब वह जेल में आई तो उन्होंने जेल में अपने पद का फायदा उठाते हुए उससे संबंध बनाए। जब उसके गर्भवती होने की बात कपूर को पता चली तो उसकी जमानत करवा दी गई ताकि इस बात का खुलासा न हो कि जेल में उससे संबंध बनाए गए हैं। इतना ही नहीं, वह किसी को भी यह बात न बताए इसके लिए कपूर ने उसे अपने क्रेडिट और डेबिट कार्ड भी दे रखे थे। इन कार्डों की मदद से उसने लाखों रुपये की खरीदारी की थी।
अक्तूबर 2022 से जेल में बंद हैं कपूर
जानकारी के अनुसार विजिलेंस ने छह अक्तूबर 2022 को कपूर को गिरफ्तार किया था। उन पर 2018 में जालसाजी और धोखाधड़ी केस में दो महिलाओं को राहत देने के बदले उनसे चेक साइन करवाकर एक करोड़ रुपये बैंक से निकलवाने का आरोप था। विजिलेंस ने इस मामले में डीएसपी इंटेलिजेंस पवन कुमार और एएसआई हरजिंदर सिंह को भी नामजद किया था।