मामले की जानकारी देते एसएसपी डॉ. अखिल चौधरी व अन्य पुलिस अधिकारी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
मध्य प्रदेश से हथियार लाकर पंजाब में सप्लाई करने वाले व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास 10 पिस्टल मिली हैं। आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्जकर लिया गया है।
एसएसपी डॉ. अखिल चौधरी और एसपी (गुप्तचर) डॉ. मुकेश कुमार व डीएसपी सुरिंदर चांद ने बताया कि नवांशहर पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक नौजवान पंजाब में अवैध हथियारों की तस्करी करने की फिराक में है। वह नवांशहर में घूम रहा है। इसके बाद सीआईए स्टाफ प्रभारी अवतार सिंह के नेतृत्व में टीम ने बलकर्ण सिंह को गिरफ्तार किया। वह गढ़शंकर के गांव थाना का रहने वाला है।
आरोपी की निशानदेही पर 10 पिस्टल मिली हैं। यह हथियार वह मध्य प्रदेश से लाया था। एसएसपी ने बताया कि आरोपी बलकर्ण सिंह नशे का आदी है और उस पर पहले भी तीन मामले दर्ज हैं। जेल में वह हिमाचल के ऊना जिले के गांव बाथू निवासी अरुण उर्फ मनी के संपर्क में आया।
मनी पर गंभीर आपराधिक धाराओं के तहत कई मामले दर्ज हैं। उसने ही बलकर्ण को मध्य प्रदेश से पिस्टल लाने को कहा था। पिस्टल लाने पर बलकर्ण को पैसे मिलने थे। एसएसपी चौधरी ने बताया कि बलकर्ण को अभी तक सिर्फ पांच हजार रुपये ही इस काम के मिले थे और अगर सारे पिस्टल आगे पहुंच जाते तो बाकी पैसे मिलने थे।