एनसीबी चंडीगढ़ ने नेशनल पहलवान को ड्रग्स के साथ दबोचा
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने राष्ट्रीय स्तर के कुश्ती खिलाड़ी को हेरोइन तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। साथ ही एनसीबी ने उसका एक साथी भी पकड़ा है। आरोपियों से कुल 104 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है।
जानकारी देते हुए एनसीबी चंडीगढ़ जोन के डायरेक्टर कौस्तुभ शर्मा ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान जिला कालका गांव रायपुर के रहनेवाले सतपाल उर्फ सत्ता (33) और सिरसा के गांव नगराना निवासी अमरजीत सिंह (35) केरूप में हुई है।
डायरेक्टर ने बताया कि शुक्रवार सुबह आरोपियों को अंबाला - चंडीगढ़ हाइवे पर दप्पर टोल प्लाजा के पास ट्रैप लगाकर दोनों को गिरफ्तार किया। आरोपी एक सफेद रंग की आल्टो कार में आ रहे थे।
आरोपियों को रोककर जब तलाशी ली गई तो उनसे 104 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपियों से पूछताछ में सामने आया है कि चंडीगढ़, सोलन, कालका, परवाणु और जीरकपुर में पिछले तीन सालों से नशीले पदार्र्थों की तस्करी कर रहे है।
एनसीबी अधिकारियों ने बताया कि आरोपी दिल्ली से एक नाइजीरियन महिला से हेरोइन तस्करी के लिए लाए थे। वो ग्राहकों को 3500 रुपये प्रति ग्राम के हिसाब से बेचते थे। एनसीबी ने बताया कि अमरजीत सिंह नेशनल लेवल का कुश्ती का खिलाड़ी है। वो पंजाब हरियाणा में होने वाले दंगलों में हिस्सा लेता रहता है।
इसी दौरान उसकी एक नशेड़ी से मुलाकात हुई और वही से अमरजीत को हेरोइन के नशे की लत लग गई । दोनों आरोपी शादीशुदा है और दोनों के दो दो बेटियां है। एनसीबी की इस साल तस्करी के 22 मामले शहर से पकड़ चुकी है। जिसमें 43 तस्करों को गिरफ्तार कर चुकी है।