घुड़सवारी में राष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ी के पिता को ऑस्ट्रेलिया से उनके दोनों बेटों को छह माह के अंदर मार देने की धमकी मिली है। आरोपी ने हरियाणवी भाषा में पिता को धमकी दी कि तेरे पास छह माह हैं, जितना प्यार कर सकता है, कर ले, उसके बाद मौका नहीं देंगे। धमकी से सहमे पिता ने कॉल करने वाले के खिलाफ मॉडल टाउन पुलिस थाने में केस दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मॉडल टाउन की मुखीजा कालोनी निवासी सतीश ने बताया कि वह प्रॉपर्टी डीलर हैं। उनके 18 और 15 साल के दो बेटे हैं। बुधवार शाम को 11 अंकों के नंबर से उनके मोबाइल पर कॉल आया। कॉल करने ने पहले नाम पूछा और कहा कि दोनों बेटों को छह माह के अंदर मार देंगे। पिता ने कारण पूछा लेकिन धमकी देने वाले ने कुछ नहीं बताया। पैसों के बारे में भी पिता ने पूछा लेकिन आरोपी बेटों को बस मारने की धमकी देता रहा।
घुड़सवार बेटे को अमेरिका भेजने की तैयारी कर रहा परिवार
सतीश ने बताया कि उनका 18 वर्षीय बड़ा बेटा 12वीं में पढ़ता है जबकि 15 वर्षीय छोटा बेटा नौंवी कक्षा में है। छोटा बेटा सावन घुड़सवारी के खेल में कांस्य पदक जीत चुका है। खेल में आगे बढ़ाने के लिए वह बेटे को अमेरिका भेजने की तैयारी कर रहे हैं। इसके लिए वीजा अप्लाई किया हुआ है।
किसी से नहीं है दुश्मनी
प्रॉपर्टी डीलर सतीश ने बताया कि उनकी पहले किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। न ही पहले किसी के साथ झगड़ा हुआ है। उसने आरोपी कॉल की रिकॉर्डिंग और डिटेल मॉडल टाउन थाना पुसिस को सौंप दी है, उनकी पुलिस प्रशासन से मांग है कि उनके परिवार की सुरक्षा की जाए।
सतीश की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है, पुलिस ने उपरोक्त नंबर की जांच शुरू कर दी है, जल्द ही धमकी देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - योगेश कटारिया, मॉडल टाउन थाना प्रभारी।