खुद को पवन बंसल के कार्यालय में तैनात होने का दावा करने वाले एक आरोपी ने सेक्टर-26 के टाटा इंटरप्राइस के संचालक शिव मंगला को फर्जी चेक देकर चूना लगा दिया।
शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी ने चेक देकर मोबाइल फोन और लैपटॉप खरीदे थे, लेकिन यह चेक बाउंस हो गए। सेक्टर-26 पुलिस ने इस मामले में मोहाली निवासी युवक बीएस सहगल (27) को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी को शनिवार को अदालत में पेश किया अदालत ने उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
पवन बंसल के आफिस से बोल रहा हूं
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि 12 अप्रैल को उसे फोन आया कि वह पवन बंसल के आफिस से बोल रहा है और उन्हें तीन मोबाइल फोन चेक के माध्यम से चाहिए। शिकायतकर्ता ने बताया कि पहले उसे इंकार कर दिया लेकिन जब आरोपी ने कांग्रेस पार्टी और सांसद पवन बंसल का नाम लिया तो वह तैयार हो गया।
शिकायतकर्ता ने बताया कि उसे दो मोबाइल फोन आरोपी को दे दिए। शिकायतकर्ता के दबाव देने पर आरोपी ने 10 हजार रुपये की राशि कैश में दी और बाकी राशि के चेक जारी कर दिए। 14 अप्रैल को फिर से उसे फोन आया और दो और मोबाइल फोन की मांग की।
चेक बैंक पर लगाए तो सभी बाउंस हो गए
शिकायतकर्ता के अनुसार इन मोबाइल के बदले भी आरोपी ने चेक जारी किए। 16 अप्रैल को फिर से आरोपी ने फोन किया और उससे एक लैपटॉप भी खरीद लिया। उसने बताया कि जब उसने आरोपी के दिए हुए चेक बैंक पर लगाए तो सभी बाउंस हो गए। जब वह मोहाली आरोपी के दिए हुए पते पर गया तो पता चला कि वह फर्जी है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके पड़ोसी ने बताया कि इस तरह की ठगी वह कई और लोगों के साथ भी कर चुका है। बैंकों के दिए गए पते पर भी अलग अलग पता था।
शिकायतकर्ता ने बताया कि जब उसने आरोपी के मोबाइल पर फोन किया तो उसने उसके साथ समझौता करने का प्रयास किया उसने उसे कहा कि वह सेक्टर-17 के बस स्टैंड पर आ जाए वह उसकी सारे उत्पाद एवं राशि वापस कर देगा।