नाभा जेल ब्रेक कांड में कंट्रोल रूम की भूमिका निभाने वाले सिंगापुर निवासी रोमी को भारत लाने के लिए पंजाब पुलिस केंद्र सरकार की मदद से रेड कार्नर नोटिस जारी कराएगी।
पटियाला रेंज के डीआईजी आशीष चौधरी ने सोमवार को पुलिस लाइन में बाद दोपहर आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि नाभा जेल ब्रेक केस में जांच के लिए बनाई स्पेशल टीम को उस समय बड़ी सफलता मिली, जब गांव ढुडीके जिला मोगा से जेल ब्रेक केस के मुख्य सरगना गुरप्रीत सिंह सेखों निवासी मुदकी थाना घल खुर्द जिला फिरोजपुर अपने साथ चचेरे भाई मनवीर सिंह सेखों निवासी मुदकी और इनके दो साथी कुलविंदर सिंह उर्फ टिंबरी निवासी सिधाना जिला बठिंडा, राजविंदर सिंह उर्फ सुल्तान उर्फ राजू उर्फ पपी निवासी मागेवाल थाना घलकलां जिला मोगा को पांच बड़े व छोटे असलाह, भारी मात्रा में हथियारों व 15 जाली आईडी और एक छीनी हुई वरना कार समेत काबू करके गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि इन चारों आरोपियों से हुई पूछताछ में हुए खुलासे में सामने आया है कि सिंगापुर में रहने वाला रोमी नाभा जेल में ही गैंगस्टर गुरप्रीत सिंह सेखों और विक्की गोंडर के संपर्क में आया था। वह क्रेडिट कार्डों के जरिये जालसाजी करने के मामले में जेल में बंद हुआ था और जमानत के बाद भी इनके संपर्क में रहा। उसने ही इन सभी को सिंगापुर से पैसे भेजे। इसी पैसे से नाभा जेल ब्रेक कांड के आरोपियों ने हथियार खरीदे और 27 नवंबर के बाद अब तक वह अपना सारा खर्च चलाते रहे।
वारदात के बाद सभी आरोपी लगातार रोमी के संपर्क में थे
नाभा जेल ब्रेक कांड में बड़ा खुलासा
- फोटो : अमर उजाला
जब ये लोग पटियाला जिले से हरियाणा में भागकर पहुंचे थे, तो इनको अंदाजा हो गया था कि हरियाणा में भी उनकी तलाश की जा रही है। इसके बाद सभी अलग हो गए, लेकिन सिंगापुर में रोमी के संपर्क में रहे। हर व्यक्ति ने एक-दूसरे के साथ कोई बात नहीं की, न ही अपना पता बताया।
इनमें से हर कोई सिंगापुर में रोमी के साथ फोन पर संपर्क करता था और इसके बाद रोमी ही अगली जानकारी उसको देता था। यहां तक कि गुरप्रीत सेखों जब इंदौर में रह रहा था, तो उसको अपने अन्य साथियों के इंदौर में ही पकड़े जाने की खबर मीडिया के जरिये पता लगी। डीआईजी ने बताया कि नाभा जेल कांड के पकड़े गए चार आरोपियों के फरार साथी भी जल्द पकड़ लिए जाएंगे।
गिरफ्तार किए गुरप्रीत सिंह सेखों के खिलाफ जेल ब्रेक केस के अलावा कत्ल, डाकों के 30 मुकदमे, मनवीर सेखों के खिलाफ तीन मुकदमे और पहले से गिरफ्तार पलविंदर सिंह पिंदा, कुलप्रीत सिंह नीटा देओल, हरमिंदर सिंह मिंटू के खिलाफ भी दर्जनों कत्ल व डकैतियों के विभिन्न जिलों व राज्यों में केस दर्ज हैं। अब इस केस में जेल से फरार हुए तीन व्यक्ति और फरार कराने वाले आठ आरोपी गिरफ्तार करने बाकी हैं। इन आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।