जाट कॉलेज के खेल विभागाध्यक्ष बलजीत नांदल की बाइक सवार दो युवकों ने गोली मारकर हत्या कर दी। विभागाध्यक्ष सोमवार सुबह सवा 11 बजे अपने गांव बोहर से शहर आ रहे थे। सेक्टर दो की पुलिया पर बाइक सवार दो युवक उन्हें गोली मारकर फरार हो गए।
गंभीर हालत में पीजीआई में दाखिल कराया गया, जहां शाम को उनकी मौत हो गई। मामला परिवार में ही प्रॉपर्टी विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। बलजीत पीजीआईएमएस के गैर शिक्षक कर्मचारी एसोसिएशन के प्रधान तारीफ सिंह के भाई थे।
पुलिस ने अज्ञात बाइक सवार युवकों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। शुरुआती जांच में सुपारी लेकर हत्या की आशंका जताई जा रही है।
ये है मामला
सोमवार सुबह सवा 11 बजे जाट कॉलेज के खेल विभागाध्यक्ष 50 वर्षीय बलजीत सिंह नांदल अपने गांव बोहर से बाइक पर रोहतक आ रहे थे। सेक्टर-2 की पुलिया के पास पीछे से बाइक सवार दो युवक आए और उन पर फायरिंग कर दी। युवकों ने दो फायर किए।
एक गोली बलजीत की कमर तो दूसरी बाईं बाजू में लगी। गोली लगते ही बलजीत गिर गए और हमलावर फरार हो गए। लोगों ने लहूलुहान हालत में बलजीत को पीजीआई इमरजेंसी में दाखिल कराया। जहां शाम को ऑपरेशन और उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
सुपारी देकर हत्या करवाने की आशंका
घटनास्थल पर पहुंचे डीएसपी अनिल कुमार और थाना अर्बन एस्टेट प्रभारी राजेंद्र सिंह ने आरोपियों के हुलिए के अनुसार सारे इलाके में नाकाबंदी कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावर सेक्टर-2 की ओर फरार हो गए। एसएचओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांव में तारीफ सिंह और बलजीत की 7 एकड़ जमीन है। इस जमीन पर उनके परिवार के ही कुछ लोगों ने कब्जा किया हुआ है।
जमीन से कब्जा हटवाने के लिए तहसीलदार ने मंगलवार की तारीख निर्धारित की थी। जमीनी विवाद में पहले भी हंगामा भी हो चुका है। पुलिस फायरिंग को परिवार के जमीनी विवाद से जोड़ कर देख रही है। आशंका है कि विपक्षी गुट ने बलजीत की हत्या की सुपारी दी है।
हमलावर कौन थे, इसकी जांच की जा रही है। सूचना मिलते ही पीजीआई में जाट कॉलेज प्रशासन और इनेलो नेता सतीश नांदल भी पहुंचे।