एलांते मॉल में बतौर सेल्समैन नौकरी करने वाले युवक की बुधवार देर रात ड्यूटी से घर लौटते वक्त कुछ युवकों ने चाकू घोंप कर हत्या कर दी। मृतक की पहचान हल्लोमाजरा निवासी अभिषेक शुक्ला (22 वर्ष) के तौर पर हुई है। वह तीन बहनों का इकलौता भाई था। पीड़ित पिता की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। वहीं पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
अभिषेक एलांते मॉल स्थित एक शोरूम में बतौर सेल्समैन काम करता था। रोजाना की तरह बुधवार रात करीब 10:45 बजे वह ड्यूटी खत्म कर घर के लिए पैदल ही आ रहा था। जैसे ही वह पॉल्ट्री फार्म चौक पर पहुंचा तो अज्ञात आरोपियों ने चाकू से उस पर हमला कर दिया। वारदात के बाद अभिषेक को लहूलुहान हालत में छोड़कर आरोपी फरार हो गए। काफी समय बाद किसी राहगीर ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद पीसीआर ने जयमी हालत में अभिषेक को जीएमसीएच-32 में भर्ती करवाया। वहां इलाज के दौरान सुबह पांच बजे अभिषेक ने दम तोड़ दिया।
वहीं पुलिस के अनुसार अभिषेक का मोबाइल, पर्स वारदात स्थल से ही बरामद हुआ है। पर्स में पैसे भी मिले हैं। इससे यह लूट का मामला नहीं लगता। हांलाकि ऐसा भी हो सकता है कि आरोपी युवक को लूटने के मकसद से आए हो और उसे डराने के मकसद से चाकू दिखाया हो। लेकिन, लूट का विरोध करने पर आरोपियों ने उसे चाकू मार दिया और वहां से डर के भाग गए। फिलहाल पुलिस आसपास के एरिया में संदिग्धों की तलाश में छापेमारी कर रही है।