घर में सो रही एक बुजुर्ग महिला के साथ दिल दहलाने वाली वारदात हुई। मामला हरियाणा के कुरुक्षेत्र का है। घर में सो रही एक बुजुर्ग महिला की तेजधार हथियार से हत्या कर दी गई। गांव तिगरी खालसा में हुई इस घटना का पता चलते ही सनसनी फैल गई। बुजुर्ग महिला की लाश अर्धनग्न अवस्था में मिली थी।
हत्या के कारणों का खुलासा मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद होगा। कुरुक्षेत्र मुख्यालय के डीएसपी सतीश गौतम ने दलबदल के साथ मौका स्थल का जायजा लिया है। पुलिस ने जायजा लेने के बाद लाश को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। हत्या के संदर्भ में मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
मृतका के नजदीकी रिश्तेदार सतपाल ने बताया कि 70 वर्षीया परवारी पत्नी परसराम रिश्ते में उसकी ताई थी। उसके ताऊ परसराम की पिछले ही वर्ष बीमारी के चलते मौत हो गई थी। जबकि उनके ताऊ के पुत्र की सात साल पहले सड़क हादसे में ज्योतिसर के निकट मौत हो गई थी।
गर्दन पलंग से नीचे की ओर लटक रही थी
घर में ताई परवारी देवी, विधवा पुत्रवधु आंगनबाड़ी वर्कर अंग्रेजो देवी, दो पोते 21 वर्षीय मनदीप, 18 वर्षीय सुखविंद्र और 19 वर्षीया पोती पूजा सहित कुल पांच लोग गांव तिगरी खालसा स्थित अपने घर में रह रहे थे।
बीती रात एक कमरे में पोती और पुत्र वधु सोए थे जबकि उसकी ताई घर के दूसरे कमरे में सोई थी। सतपाल के मुताबिक रात को करीब चार बजे उनका बड़ा भतीजा मनदीप लघुशंका के लिए उठा था दादी परवारी देवी के कमरे का दरवाजा खुला था, मनदीप ने जब भीतर देखा तो यहां उसकी दादी की लाश खून में लथपथ पलंग पर पड़ी थी।
किसी ने तेजधार हथियार से परवारी देवी के गले पर वार किए थे और उसका उसकी गर्दन पलंग से नीचे की ओर लटक रही थी। सतपाल ने बताया कि ये भयानक मंजर देख मनदीप ने शोर मचाया था और घर में सोए परिवार के अन्य सदस्य भी वहां पहुंच गए। बुजुर्ग महिला की लाश नग्नावस्था में पड़ी थी। देखते ही देखते मौके पर काफी संख्या में गांव के लोगों की भीड़ जमा होती चली गई।
इसी बीच पुलिस को भी सूचित किया गया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच का जायजा लिया और परिवार और गांव के कुछ लोगों से इस घटनाक्रम के सिलसिले में पूछताछ भी की। सतपाल ने बताया कि परवारी देवी की किसी के साथ कोई रंजिश नहीं थी। डीएसपी गौतम के मुताबिक हत्या के संदर्भ में जांच चल रही है।