साहनेवाल के गोबिंदगढ़ इलाके में एक महिला ने झगड़े में बीच-बचाव करने आए बुजुर्ग की ईंट मार कर हत्या कर दी। मृतक की पत्नी ने आरोपी की पोती को मामूली बात को लेकर डांट दिया था।
इस पर आरोपी महिला मृतक की पत्नी के साथ झगड़ा कर रही थी। इसी झगड़े का छुड़ाने के लिए बुजुर्ग आया था। मृतक की पहचान गोबिंदगढ़ निवासी कुलवंत सिंह (70) के रुप में हुई है।
थाना साहनेवाल पुलिस ने मृतक की पत्नी जसवीर कौर के बयान पर सिमरजीत कौर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। उसे सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
जसवीर कौर के मुताबिक उसका पोता गली में खेल रहा था। इसी दौरान सिमरजीत कौर की पोती ने साइकिल उसके पैर पर चढ़ा दिया। उसने लड़की को डांट दिया। इसी बात को लेकर सिमरजीत कौर ने जसवीर को गालियां दी और उसके साथ हाथापाई की।
जब कुलवंत सिंह को इसका पता चला तो उन्होंने झगड़े में बीच बचाव करना चाहा। इसी दौरान आरोपी सिमरजीत कौर ने ईंट उठा कर कुलवंत सिंह के सिर पर दे मारी। कुलवंत सिंह बुरी तरह से घायल हो गया। उसे पास के निजी अस्पताल दाखिल कराया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।
सूचना मिलने के बाद थाना साहनेवाल की पुलिस मौके पर पहुंची। जांच अधिकारी एएसआई हरभजन सिंह ने कहा कि आरोपी महिला के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।