मोरनी के गांव बालदवाला में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक ने अपने चचेरे भाई की हत्या कर दी और वारदात को अंजाम देने के बाद मृतक के परिजनों से जाकर कहा, ‘तुम्हारे बेटे का काम कर दिया, मनमोहन को मार दिया’।
इसके बाद परिजन जब बेटे को तलाशने निकले तो घर से कुछ दूरी पर ही वह पड़ा मिला। अस्पताल में डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। चंडीमंदिर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
मोरनी ब्लॉक के गांव बालदवाला में मनमोहन (23) अपने परिवार के साथ रहता था और उसके आसपास के घरों में ही उसके रिश्तेदार रहते हैं।
शनिवार दोपहर करीब तीन बजे मनमोहन को उसका चचेरा भाई संजीव घर से यह कहकर ले गया कि रायपुररानी में कोई काम है। मनमोहन और संजीव एक बाइक पर निकले। संजीव तो देर रात वापस आ गया, लेकिन मनमोहन नहीं लौटा।
मनमोहन के परिजनों ने जब संजीव से उसके बारे में पूछा तो वह नशे में धुत था। उसने कहा कि ‘मैंने काम कर दिया, मनमोहन को मार दिया’।
तीन लोगों के खिलाफ केस
मनमोहन के पिता मामचंद ने संजीव के अलावा उसके पिता गुरदयाल व एक अन्य रिश्तेदार शैलेंद्र पर भी साजिश कर हत्या करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। चूंकि, घर से संजीव ही मनमोहन को लेकर गया था। उसके बाद क्या हुआ, यह उसे ही पता है। फिलहाल, तीनों घर से फरार हैं।