मनीमाजरा में बहन के पास पैर का इलाज कराने आए युवक की पुरानी रंजिश के चलते मनीमाजरा के शनि मंदिर के पास लोहे की रॉड और डंडे मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान अंबाला निवासी 28 वर्षीय जसवीर सिंह के रूप में हुई है। मनीमाजरा थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर गोबिंदपुरा के तीन युवकों को राउंडअप किया है। इन युवकों की पहचान हरप्रीत सिंह, रजत और नोनी बताई जा रही है।
मनीमाजरा नगला मोहल्ले के मकान नंबर 1140 में रहने वाली जसवीर की बहन नायब कौर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि चार दिन पहले उसका अंबाला निवासी भाई जसबीर सिंह पैर का इलाज कराने के लिए उसके पास आया था। मंगलवार को शाम भाई जसवीर सिंह रात को 10 बजे घर से टहलने निकला था। रात करीब साढ़े ग्यारह बजे शनि मंदिर के पास रहने वाले दीनदयाल ने उसे फोन कर बताया कि जसवीर लहूलुहान हालत में शनि मंदिर के समाने पड़ा है।
वह तुरंत मौके पर पहुंची और भाई को देख हैरान हो गई। उसने पास में हाउसिंग बोर्ड चौराहे पर खड़ी पीसीआर को बुलाया और जसवीर सिंह को पीजीआई ले गई। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत बता दिया। वहीं मनीमाजरा थाना प्रभारी हरमिंदरजीत सिंह ने बताया कि हत्या का कारण पुरानी रंजिश है। हालांकि थाना प्रभारी ने पकड़े गए तीन युवकों के बारे में कुछ भी नहीं बताया है।
शॉकर रिपेयर का काम करता था
पुलिस ने बताया कि जसवीर सिंह दो साल पहले मनीमाजरा में अपनी बहन के पास ही रहता था। वह गाड़ियों के शॉकर रिपेयर करता था। उस दौरान उसकी वहीं आसपास के युवकों के साथ झगड़ा होने के कारण रंजिश हो गई थी। जिस कारण युवकों ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस का यह भी कहना कि बहन ने लड़ाई झगड़े के चलते ही जसवीर को अंबाला के पास गांव चड़ियाली भेज दिया था।
वह पिछले दो साल से गांव में अपने पिता हरिराम और मां जागीर देवी के पास ही रहता था। उसके पैर में चोट आने के कारण वह चार दिन पहले ही मनीमाजरा आया था। यहीं पुरानी रंजिश के चलते उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कर शव परिजनों के हवाले कर दिया है। परिवार वाले दोपहर को शव लेकर अंबाला अपने गांव में संस्कार करने के लिए रवाना हो गए थे।
मंगलवार को आए थे लड़की वाले देखने
जसवीर के जीजा धर्म सिंह ने बताया कि मंगलवार को जसवीर को करनाल से लड़की वाले भी देखने आए थे। मनीमाजरा में जसवीर ने लड़की को भी देखा था। चार भाई-बहनों में जसवीर सबसे छोटा था। जसवीर का बड़ा भाई नायब सिंह भी अपनी पत्नी सुखविंदर कौर के साथ मनीमाजरा में किराये के मकान में रहता है।