गांव सिधाना निवासी अकाली वर्कर अमनदीप उर्फ अमना की शनिवार सुबह करीब तीन बजे गोली मारकर हत्या कर दी गई।
रामपुरा पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर उसके चचेरे भाईयों गुरलाल सिंह लाली, दलजीत सिंह और दो अज्ञात पर धारा 302 और असलाह एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
ग्रामीणों के अनुसार सिधाना निवासी अमनदीप उर्फ अमना सिधाना अपने घर की बैठक में अपने दोस्त हरप्रीत सिंह उर्फ निक्कू के साथ सो रहा था।
सुबह करीब तीन बजे अज्ञात लोगों ने मिट्टी का तेल छिड़क कर अमना के घर के मुख्य दरवाजे को आग लगा दी। आग लगने और शोर सुनकर जैसे ही सिधाना दरवाजा खोलकर बाहर निकला तो पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात व्यक्तियों ने अमना के माथे पर गोली दाग दी और फरार हो गए।
अमना की मौके पर ही मौत हो गई। गांव के लोग उसे पहले आदेश अस्पताल ले गए। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के समय अमना के माता-पिता हजूर साहिब में माथा टेकने के लिए गए हुए थे।